PoliTalks News
बड़ी खबर

विधानसभा में हंगामा: कांग्रेस के 6 विधायक सस्पेंड, महिला विधायक सहित अन्य को मार्शलों ने बाहर निकाला

27 अगस्त 2026
साझा करें:
विधानसभा में हंगामा: कांग्रेस के 6 विधायक सस्पेंड, महिला विधायक सहित अन्य को मार्शलों ने बाहर निकाला

मानसून सत्र के पहले दिन सदन में जोरदार हंगामा, तख्तियां लेकर पहुंचे थे कांग्रेस विधायक; भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पुलिस पर लगाया धक्का-मुक्की का आरोप


हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन गुरुवार को सदन में जमकर हंगामा हुआ. लगातार नारेबाजी और विरोध के बीच विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कांग्रेस के छह विधायकों को दिनभर की कार्यवाही के लिए सस्पेंड कर दिया. सस्पेंड किए गए विधायकों में इंदु राज नरवाल, विकास सहारण, देवेंद्र हंस, शकुंतला खटक, आदित्य सुरजेवाला और बलराम दांगी शामिल हैं. वहीं, विधायक आफताब अहमद को भी अध्यक्ष ने चेतावनी दी.


सस्पेंड किए जाने के बाद कांग्रेस विधायकों को मार्शलों ने सदन से बाहर निकाला. महिला विधायक शकुंतला खटक ने सदन से बाहर जाने से इनकार कर दिया और अपनी जगह पर अड़ गईं. इसके बाद महिला मार्शलों को बुलाया गया, जिन्होंने उन्हें सदन से बाहर किया. इस दौरान विधानसभा परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही.


काले कपड़ों और तख्तियों के साथ विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक


मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे थे. उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर राम मंदिर चंदा चोरी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर नारे लिखे थे. कांग्रेस विधायकों ने इन मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया.


कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि विधानसभा पहुंचने के दौरान कांग्रेस विधायकों को गेट पर रोकने की कोशिश की गई. उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा, "मुझे मारा गया है."


हुड्डा बोले- पुलिस की वर्दी में गुंडे भेजे गए


सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया. नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जंतर-मंतर हो या विधानसभा मार्च, हर नागरिक और जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने का संवैधानिक अधिकार है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग करना संविधान और लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है.


हुड्डा ने पुलिस की कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि जिस तरह उन्हें और कांग्रेस विधायकों को धक्के मारे गए, उससे ऐसा लगा कि सरकार ने पुलिस की वर्दी में गुंडे भेजे थे.


अध्यक्ष ने कहा- वीडियो निकलवाकर होगी जांच


कांग्रेस विधायकों ने सदन में पुलिस की कथित धक्का-मुक्की का मुद्दा उठाया. इस पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि वह पूरे मामले की जानकारी लेंगे और घटना से जुड़े वीडियो भी निकलवाए जाएंगे.


अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायकों से कहा कि वे उनके चैंबर में आएं, वह व्यक्तिगत रूप से पूरे मामले को देखेंगे. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि कांग्रेस विधायक तख्तियां लेकर सदन के अंदर आना चाह रहे थे, जिसके चलते उन्हें रोका गया.


मानसून सत्र के पहले ही दिन हुए इस हंगामे ने हरियाणा की सियासत को गरमा दिया है. कांग्रेस ने जहां पुलिस कार्रवाई और सरकार के रवैये पर सवाल उठाए हैं, वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की मर्यादा बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाते हुए छह विधायकों को दिनभर के लिए सस्पेंड कर दिया.


Hariyana Vidhansabha I Hariyana Politics I Hariyana Congress I Hariyana Bjp I Political News I Politalks News I

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal