PoliTalks News
बड़ी खबर

UP में ‘मछली भोज’ पर गरमाई सियासत, CM योगी के वार पर अजय राय ने दिया करारा जवाब

24 अगस्त 2026
साझा करें:
UP में ‘मछली भोज’ पर गरमाई सियासत, CM योगी के वार पर अजय राय ने दिया करारा जवाब

अयोध्या में ‘मछली भोज’ पर सियासी संग्राम! योगी के वार पर अजय राय का पलटवार— बोले, तस्वीर दिखाओ, राजनीति से इस्तीफा दे दूंगा

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही सियासत तेज होती जा रही है. बीते दिन अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत कार्यक्रम के दौरान हुए कथित मछली भोज को लेकर प्रदेश की सियासत पूरी तरह गरमा गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसको लेकर आज रायबरेली में आयोजित एक कार्यक्रम में अजय राय और कांग्रेस पर जबरदस्त हमला बोला है. इसके बाद जवाब देते हुए अजय राय ने सीएम योगी को खुली चुनौती दी है. राय ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री के पास उनकी मछली खाते हुए कोई तस्वीर है तो उसे सार्वजनिक किया जाए. राय ने दावा किया कि तस्वीर सामने आते ही वह राजनीति से इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं. यह पूरा मामला सावन में मंदिर में दर्शन के बाद मछली का सेवन करने को लेकर है. 


उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय बीते दिन अयोध्या पहुंचे. इस दौरान उन्होंने हनुमानगढ़ी में हनुमान चालीसा का पाठ किया और रामलला के दर्शन किए. इसके बाद अजय राय गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के तारुन बाजार में कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए. यह हनुमानगढ़ी से करीब 38 किलोमीटर दूर है. इस सम्मेलन में मछली भोज कराया गया. यह सम्मेलन हाल ही में भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए राम निहाल निषाद ने कराया. इस मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कल हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं और बाहर आकर मछली की दावत उड़ाते हैं, फिर राम-राम चिल्लाते हैं. बेशर्मी की भी एक सीमा होती है, इनके सामने गिरगिट भी शरमा जाता है. जब अजय राय अयोध्या आए थे तो उन्हें धार्मिक स्थल पर जाने के बाद इस तरह के आयोजन में शामिल होने की जरूरत क्यों पड़ी. इनके भाई की हत्या की एक माफिया ने की थी, ये उसके खिलाफ बयान नहीं दे सके, बल्कि उसके सामने घुटने टेकर नतमस्तक हो गये. वो तो हमारी सरकार आई और हमने न्याय किया. 


सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान का जवाब देते हुए अजय राय ने कहा कि अयोध्या में निषाद समाज का कार्यक्रम था और मछली तो निषाद समाज की परंपरा है. मैंने वहां कोई मछली नहीं खाई, मछली खाने वाली बात पूरी तरह झूठी है. अजय राय ने मछली खाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अगर उनकी मछली खाते हुए तस्वीर साबित हो जाए तो वह यूपी कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देंगे. उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को उनके मछली खाने की तस्वीर दिखाने की चुनौती दी.  इसके साथ ही भाजपा पर झूठ बोलने का आरोप लगाया. इसके साथ ही राय ने मुख्यमंत्री पर बिना सबूत आरोप लगाने का आरोप लगाया और कहा कि जनता को भ्रमित करने के बजाय तथ्यों के साथ बात होनी चाहिए. 


अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप गलत साबित होते हैं तो मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से अपनी बात पर विचार करना चाहिए. राय ने योगी पर बिना प्रमाण आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भगवा वस्त्र की अपनी गरिमा है और राजनीतिक बयानबाजी में इसका इस्तेमाल नहीं होना चाहिए. राय ने मुख्यमंत्री से कहा कि अगर आरोप का कोई प्रमाण नहीं है तो इस तरह की बयानबाजी बंद करनी चाहिए. अजय राय ने कहा कि मछली पालन, मछली पकड़ना और मछली खाना निषाद समुदाय की पारंपरिक जीवनशैली का हिस्सा रहा है. राय ने निषादराज का उदाहरण देते हुए कहा कि इसी समुदाय का धार्मिक और ऐतिहासिक संदर्भ रामायण की परंपरा से भी जुड़ा है. राय ने आरोप लगाया कि भाजपा निषाद समाज की परंपराओं का सम्मान करने के बजाय उसे राजनीतिक मुद्दा बना रही है. समाज इस तरह की राजनीति को याद रखेगा. 


Yogi Adityanath I Ajay Ray I Up Politics I Up Bjp I Up Congress I Political News I Politalks News I

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal