PoliTalks News
बड़ी खबर

‘तेजस्वी पहले 10वीं पास करें, फिर दें सुझाव’ - शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का करारा तंज

25 अगस्त 2026
साझा करें:
‘तेजस्वी पहले 10वीं पास करें, फिर दें सुझाव’ - शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का करारा तंज

- TRE-4 में निगेटिव मार्किंग खत्म करने और एकल चरण में परीक्षा कराने की मांग को लेकर पटना में छात्रों का प्रदर्शन तेज, तेजस्वी यादव पर शिक्षा मंत्री ने साधा निशाना

Bihar Politics: बिहार की राजधानी पटना में विभिन्न छात्र संगठनों का आंदोलन मंगलवार को और तेज हो गया. TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा में निगेटिव मार्किंग खत्म करने और परीक्षा को एकल चरण में कराने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतरे. प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के पास जुटकर लोकभवन की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं.

इसी बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आंदोलन का समर्थन कर रहे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राजद नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है. तिवारी ने तेजस्वी यादव को पहले स्कूल में दाखिला लेने और 10वीं कक्षा की परीक्षा पास करने की सलाह दी.

शिक्षा मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें यह देखकर हैरानी होती है कि जिस व्यक्ति ने खुद बोर्ड परीक्षा नहीं दी, वह आज परीक्षाओं के आयोजन को लेकर सुझाव दे रहा है. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव पहले बिहार के किसी सरकारी स्कूल में दाखिला लें, 10वीं की परीक्षा पास करें और उसके बाद परीक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को सुझाव दें.

‘छात्रों की मांगों पर सरकार ने किया समाधान’

मिथिलेश तिवारी ने दावा किया कि प्रदर्शनकारी छात्रों ने जिन मुद्दों को उठाया था, राज्य सरकार ने उनमें से लगभग सभी का समाधान कर दिया है. उन्होंने कहा कि अगर किसी अभ्यर्थी को अब भी सरकार के सामने अपनी बात रखनी है, तो बातचीत के लिए सरकार के दरवाजे हमेशा खुले हैं.

उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे सरकार के साथ बातचीत करें और अपनी समस्याओं का समाधान निकालें. सरकार छात्रों की है और उनकी समस्याओं को सुनने के लिए तैयार है.

TRE-4 को लेकर सड़क पर छात्र

दरअसल, बिहार में विभिन्न छात्र संगठन शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 में निगेटिव मार्किंग खत्म करने और परीक्षा को एकल चरण में आयोजित करने की मांग कर रहे हैं. इसी मांग को लेकर प्रदर्शनकारी लगातार पटना में जुट रहे हैं.

छात्र संगठनों ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव की भी घोषणा की है. प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट है और अधिकारियों को प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.

अब छात्र संगठनों और सरकार के बीच बातचीत से आंदोलन का समाधान निकलता है या विरोध और तेज होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal