Neet Paper Leak: राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर सत्ताधारी भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस नेता जूली ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही आरोपी दिनेश बिवाल की तस्वीरों का हवाला देते हुए दावा किया कि पेपर लीक के तार सीधे तौर पर सत्ता के संरक्षण से जुड़े हुए हैं. उन्होंने कहा कि आरोपी की भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें इस बात का सबूत हैं कि क्यों अब तक अभ्यर्थियों की शिकायतों को दबाने की कोशिश की गई. जूली ने तंज कसते हुए कहा कि पहले पेपर लीक पर बड़ी-बड़ी बातें करने वाले प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अब अपने ही दल के लोगों का नाम आने पर पूरी तरह 'खामोश' हैं.
'आरोपी भाजपा का नेता, इसलिए चुप रही सरकार'- पेपर लीक मामले में टीकाराम जूली का तीखा प्रहार
वही टीकाराम जूली ने इस मामले की CBI जांच को महज एक 'प्रशासनिक खानापूर्ति' करार दिया है. उन्होंने आशंका जताई कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का उपयोग केवल राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए करती है, ऐसे में जब मुख्य आरोपियों के संबंध सत्ताधारी दल के गलियारों से मिल रहे हों, तो निष्पक्ष जांच की उम्मीद धूमिल हो जाती है. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजस्थान के लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है, लेकिन सरकार केवल लीपापोती करने में जुटी है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ये एजेंसियां अपने ही दल के पदाधिकारियों के खिलाफ निष्पक्षता से काम कर पाएंगी?
मुख्यमंत्री भजनलाल की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने कहा कि प्रदेश के मुखिया की इस संवेदनशील मुद्दे पर बेरुखी अपराधियों को मौन समर्थन देने जैसी है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अक्सर प्रदेश से बाहर रहते हैं, शायद इसीलिए उन्हें पीड़ित युवाओं की चीखें सुनाई नहीं दे रही हैं. अंत में, जूली ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस नैतिक विफलता का जिम्मेदार बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की. वही उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षाओं में बार-बार हो रही यह सेंधमारी और युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
Tikaram Jully I Rajasthan I NEET I Paper Leak I Dharmendra Pradhan I Bhajanlal Sharma













