पश्चिम बंगाल की सत्ता में पहली बार 'कमल' खिल चुका है. विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए पहली बार सरकार बनाई और सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली. लेकिन जैसे ही अधिकारी ने सत्ता की बागड़ोर संभाली, सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई. अब उनके कई पुराने वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक सुवेंदु को रिश्वतखोर बताते हुए उन पर रिश्वतखोरी के आरोप जड़ रहे हैं.
बीजेपी के अधिकारिक अकांउट से भी इस तरह के कई पोस्ट हुए हैं. इस वीडियो के वायरल होते हुए बीजेपी पर एक बार फिर 'वॉशिंग मशीन' का टैग लग रहा है.
प्रकाश राज ने पुराना वीडियो किया शेयर
अपनी बेबाक राय रखने के लिए मशहूर प्रकाश राज ने एक पुराना वीडियो साझा किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्षों पहले सुवेंदु अधिकारी पर नारदा स्टिंग ऑपरेशन को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं. हालांकि सुवेंदु उस वक्त तृणमूल कांग्रेस का हिस्सा थे. पीएम मोदी खुद इन्हें कई बार रिश्वत खोर कह चुके हैं. इसी वीडियो को पोस्ट करते हुए अभिनेता ने बीजेपी को ‘वॉशिंग मशीन’ कहकर कटाक्ष किया.
यह भी पढ़ें: विपक्ष को प्रताड़ित करने में 'नंबर 1' और काम में 'जीरो' है भाजपा सरकार- टीकाराम जूली
प्रकाश राज ने अमित शाह का भी एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ भाषण देते हुए नजर आ रहे हैं. इस वीडियो को पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा- ये लोग कितने बेशर्म हैं.
यूट्यूबर ध्रुव राठी ने भी कसा तंज
मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी ने सुवेंदु पर तीखा हमला बोल दिया है. अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी करते हुए ध्रुव राठी ने लिखा, 'बंगाल के चीफ मिनिस्टर बने हैं और देश के इतिहास के ये पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो कैमरे पर रिश्वत लेते हुए पकड़े जा चुके हैं.'
ध्रुव ने बीजेपी के सोशल अकाउंट से जारी एक वीडियो का हवाला देते हुए कहा, 'मैं मजाक नहीं कर रहा हूं दोस्तो. इनका सच में एक वीडियो काफी वायरल हुआ था जिसमें ये कैमरे पर रिश्वत लेते हुए नजर आए.' वेंदु अधिकारी के इस स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो को बीजेपी ने खुद अपने आधिकारिक पेज पर शेयर किया था.
इन वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कमेंट की बाढ़ सी आ गयी है. हालांकि प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक पार्टियों में नेताओं का आना जाना एक सामान्य बात है. फिर भी आमजन के बीच ये वीडियो एक हलचल तो मचा ही रहे हैं, सोशल मीडिया पर इन तरह के बयानों ने एक नई बहस भी छेड़ दी है.











