Rajasthan Politics: राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तीखा हमला बोला है. जूली ने कहा कि सत्ता में आने के ढाई साल बाद भी भाजपा सरकार की झोली खाली है और अपनी विफलताएं छिपाने के लिए सरकार अब विपक्ष के खिलाफ 'झूठा नैरेटिव' सेट करने में जुटी है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता के बीच यह चर्चा आम है कि सरकार अनुभवहीन है और शासन की कोई भी छाप छोड़ने में पूरी तरह विफल रही है. अब अपनी साख बचाने के लिए सरकार केवल जांच एजेंसियों के जरिए कांग्रेस नेताओं को प्रताड़ित करने का काम कर रही है.
महेश जोशी प्रकरण: 'न्याय नहीं, राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई'
पूर्व मंत्री महेश जोशी की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता जूली ने सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जिस मामले की जांच पहले से ही ईडी (ED) कर रही है, उसी में एसीबी (ACB) का तड़के साढ़े चार बजे घर पहुँचकर गिरफ्तारी करना बदले की भावना को दर्शाता है। जूली ने सवाल किया कि जब जोशी जी जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और पहले ही सात महीने जेल काटकर जमानत पर बाहर आए हैं, तो फिर इस तरह बार-बार प्रताड़ित क्यों किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केवल यह दिखाने का ढोंग है कि कांग्रेस राज में भ्रष्टाचार हुआ था, जबकि सच यह है कि सरकार के पास दिखाने को अपना कोई काम नहीं है.
भाजपा के संरक्षण में चल रहा है जमीनों का बड़ा खेल
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने गंभीर आरोप लगाए कि वर्तमान सरकार की सरपरस्ती में जमीनों की खरीद-फरोख्त का संगठित खेल चल रहा है. उन्होंने झुंझुनूं बाईपास का उदाहरण देते हुए कहा कि एलाइनमेंट बदलने के नाम पर भारी घूसखोरी हुई है. यही नहीं, प्रदेश में 60 प्रतिशत रजिस्ट्रियां बिना किसी वैध पहचान-पत्र के होना यह साबित करता है कि नियमों को ताक पर रखकर पूरे सिस्टम का दुरुपयोग किया जा रहा है. जूली ने स्पष्ट कहा कि राजस्थान में आज शासन नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का एक ऐसा तंत्र चल रहा है जिसमें आम जनता का हक सरेआम लूटा जा रहा है.
बेलगाम बजरी माफिया और 'नरभक्षी' कानून व्यवस्था
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए टीकाराम जूली ने कहा कि राजस्थान की सड़कों पर बजरी माफिया अब 'यमराज' बनकर दौड़ रहे हैं. भीलवाड़ा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां माफिया का खौफ इतना बढ़ गया है कि खुद भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल को सार्वजनिक रूप से इन्हें 'नरभक्षी' कहना पड़ रहा है. जूली ने तंज कसते हुए कहा कि जब सत्तापक्ष के सांसद ही खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और माफिया के बेलगाम होने की गवाही दे रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या हाल होगा, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है.
विपक्ष को दबाने की कोशिश होगी नाकाम
अंत में टीकाराम जूली ने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी सरकार की इन दमनकारी नीतियों से डरने वाली नहीं है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय केवल एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है. प्रदेश का गृह विभाग पूरी तरह फेल हो चुका है और मुख्यमंत्री का अपने विभागों पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है. जूली ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक सरकार की इन विफलताओं और भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर करती रहेगी.
Tikaram Jully I Rajasthan I Congress I Bhajanlal Sharma I Mahesh Joshi I












