बिहार में गंगा नदी पर बना कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन पुल अब विकास परियोजना से ज्यादा राजनीतिक बहस का केंद्र बनता नजर आ रहा है. करीब 19.76 किलोमीटर लंबे और लगभग 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' के रूप में पहचान मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका विधिवत उद्घाटन किया, लेकिन उद्घाटन समारोह के साथ ही राजनीतिक सवालों का सिलसिला भी शुरू हो गया.
विपक्ष ने परियोजना के दोबारा उद्घाटन, निर्माण में केंद्र सरकार की कथित भूमिका और नामकरण को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तो पीएम मोदी के इस कार्यक्रम पर ही निशाना साधते हुए पूछा कि जब पुल पहले से चालू है और लाखों वाहन इससे गुजर चुके हैं, तो फिर दोबारा उद्घाटन की जरूरत क्यों पड़ी? ऐसे में सवाल यह है कि क्या 'नीतीश सेतु' विकास की नई कड़ी बनने के साथ बिहार की सियासत का नया अखाड़ा भी बन गया है?
शिलापट्ट पर केवल नाम लिखवाने आए हैं मोदी : तेजस्वी यादव
नीतीश सेतु के उद्घाटन पर लालू के सुपुत्र और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि जिस पुल का उद्घाटन डेढ़ साल पहले ही हो चुका है, जिस पुल से लाखों वाहन पहले ही निकल चुके हैं, अब पीएम उस पुल का उद्घाटन करने आए हैं. यादव ने ये भी दावा किया कि इस प्रॉजेक्ट के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक पैसा भी नहीं दिया गया है.
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर लंबा लेख लिखते हुए पीएम मोदी पर कटाक्ष किया. उन्होंने लिखा, 'इस पुल का उद्घाटन 1 साल 5 महीने पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने किया था. यह पुल पिछले 17 महीनों से चालू है और यहाँ विगत एक साल 5 महीनों में लाखों वाहनों की आवाजाही हो चुकी है. क्या आप इसका दोबारा उद्घाटन इसलिए कर रहे है कि शिलापट्ट पर आपका भी नाम लिखा जा सके, वह भी तब, जब इसमें केंद्र सरकार का कहीं कोई योगदान ही नहीं है?
बिहार सरकार के अनुसार, इस पुल का नाम या तो स्वतंत्रता सेनानी स्व. अक्षयवट राय जी के नाम पर रखा जाना था या फिर दशम गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर, क्योंकि यह गुरु महाराज जी की जन्मस्थली के पास ही स्थित है. इसलिए कृपया इस प्रॉजेक्ट का श्रेय लेने की कोशिश न करें और बिना वजह खुद का महिमामंडन करने से बचें क्योंकि इस सेतु के निर्णय और निर्माण में आपका कोई योगदान नहीं है.'
चिराग पासवान ने दिया जवाब, बोले- हर बात पर राजनीति
तेजस्वी यादव के आरोपों पर एनडीए की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि हर चीज में राजनीति करने के बजाय काम की बात होनी चाहिए. उन्होंने नामकरण को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि नाम में क्या रखा है? अगर किसी ने काम किया होता तो उसे भी पहचान मिलती. उन्होंने नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक कार्यकाल और बिहार के विकास में उनकी भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास के काम करती रहेगी, जबकि विपक्ष नाम को लेकर विवाद खड़ा कर सकता है.











