भारतीय राजनीति में फिल्मी सितारों के बाद अब क्रिकेटर्स की लोकप्रियता को भी राजनीतिक दल भुनाने में जुटे हैं. चुनावी मैदान में खेल जगत की चर्चित हस्तियों को उतारने का यह सिलसिला लगातार आगे बढ़ रहा है. इसी कड़ी में अब भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने भी राजनीति की पिच पर नई पारी शुरू कर दी है. चहल भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं. पार्टी ने उन्हें अपनी नई राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा कार्यकारिणी में 'स्पेशल इनवाइटी' की जिम्मेदारी सौंपी है. BJP के इस फैसले को केवल एक क्रिकेटर की राजनीतिक एंट्री के तौर पर नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले चर्चित चेहरों को संगठन से जोड़ने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है.
चहल को BJP के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने पार्टी में शामिल कराया. इसके बाद पार्टी की नई कार्यकारिणी में उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया. चहल ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का आभार जताया.
क्या होती है स्पेशल इनवाइटी की भूमिका?
चहल को मिली जिम्मेदारी को समझने के लिए 'स्पेशल इनवाइटी' की भूमिका जानना जरूरी है. दरअसल, विशेष आमंत्रित सदस्य कार्यकारिणी के नियमित सदस्यों से अलग होते हैं. उन्हें विशेष रूप से संगठन की बैठकों में आमंत्रित किया जाता है. वे बैठकों में शामिल होकर अपनी बात रख सकते हैं और सुझाव भी दे सकते हैं. हालांकि, उन्हें नियमित कार्यकारिणी सदस्य के समान सभी संगठनात्मक अधिकार स्वतः प्राप्त नहीं होते. ऐसे में चहल की नियुक्ति भाजपा संगठन में उनकी शुरुआती राजनीतिक भूमिका को दर्शाती है.
गंभीर से लेकर भज्जी तक, क्रिकेटर्स की सियासी पारी
साल 2014 के बाद भाजपा ने क्रिकेट जगत की कई चर्चित हस्तियों को अपने साथ जोड़ा है. युजवेंद्र चहल इस कड़ी में सातवें क्रिकेटर हैं. उनसे पहले पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत ने 2016 में भाजपा का दामन थामा था और केरल विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाई थी. हालांकि, उन्हें जीत नहीं मिली. इसके बाद 2019 में पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर भाजपा में शामिल हुए. उन्होंने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद तक का सफर तय किया और 2024 तक सांसद रहे.
इसी तरह पूर्व तेज गेंदबाज अशोक डिंडा ने 2021 में भाजपा के टिकट पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की. ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने 2024 में भाजपा की सदस्यता ली. वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर केदार जाधव ने 2025 में पार्टी का दामन थामा. इसके अलावा पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह भी अप्रैल 2026 में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए. वह फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं. इस तरह चहल की एंट्री के साथ क्रिकेट से जुड़े चर्चित चेहरों की भाजपा में मौजूदगी और बढ़ गई है. हालांकि, इन सभी खिलाड़ियों की राजनीतिक सक्रियता और संगठन में भूमिका एक जैसी नहीं रही है.
फर्स्ट क्लास क्रिकेट को कहा अलविदा
चहल की राजनीति में एंट्री ऐसे समय हुई है, जब उन्होंने क्रिकेट के एक प्रारूप से दूरी बनाने का फैसला किया है. उन्होंने इसी साल 2 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया था कि वनडे और टी-20 क्रिकेट में खेलने का सिलसिला जारी रखेंगे.
फिलहाल चहल घरेलू क्रिकेट में हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में तमिलनाडु के खिलाफ 18 नवंबर को खेले गए मुकाबले में उन्होंने 16 रन देकर तीन विकेट हासिल किए और टीम की जीत में अहम योगदान दिया.
IPL में भी कायम है चहल का जलवा
क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में चहल का प्रदर्शन उनकी बड़ी पहचान रहा है. वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल हैं. IPL में 188 मुकाबलों में उनके नाम 233 विकेट दर्ज हैं. वह पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं और फ्रेंचाइजी ने आगामी सीजन के लिए भी उन्हें रिटेन किया है. इससे पहले वह राजस्थान रॉयल्स की ओर से भी खेल चुके हैं.
बहरहाल, क्रिकेट के मैदान पर अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को उलझाने वाले चहल के सामने अब राजनीति की नई चुनौती है. भाजपा ने उन्हें संगठन में जगह देकर राजनीतिक सफर की शुरुआत करा दी है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्रिकेट की लोकप्रियता को वह राजनीतिक सक्रियता और जनसंपर्क में किस तरह बदलते हैं. खासकर 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले उनकी भूमिका पर राजनीतिक हलकों की नजरें रहेंगी.











