Bihar Politics: बिहार के उभरते हुए युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी इन दिनों अपने शानदार प्रदर्शन और आक्रामक बल्लेबाजी शैली को लेकर देशभर में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं. इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे समस्तीपुर के इस युवा खिलाड़ी ने कम समय में ही क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. हालांकि अब उनकी सफलता को लेकर बिहार की राजनीति भी गरमा गई है.
जनता दल (यूनाइटेड) ने वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धियों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खेल नीति और राज्य सरकार द्वारा विकसित किए गए खेल बुनियादी ढांचे का परिणाम बताया है. जदयू ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए वैभव को ‘बिहार का लाल’ और ‘धुरंधरों का महाधुरंधर’ बताया.
वीडियो के साथ पार्टी ने लिखा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी खेल नीति ने बिहार के युवाओं को नई उड़ान दी है. आधुनिक खेल सुविधाओं और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर का ही परिणाम है कि आज वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी देशभर में बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं.
जदयू द्वारा जारी वीडियो में दावा किया गया है कि जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में खेलों के स्तर को बेहतर बनाने का संकल्प लिया था, तब शायद किसी ने नहीं सोचा था कि बिहार एक दिन खेल के क्षेत्र में देश को नए सितारे देगा. वीडियो में यह भी कहा गया है कि राज्य में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है और नए स्टेडियमों के निर्माण के जरिए खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि यदि बिहार में खेल सुविधाओं को मजबूत नहीं किया गया होता, तो वैभव सूर्यवंशी जैसी प्रतिभाएं सामने नहीं आ पातीं. वीडियो में यह भी कहा गया कि अब बिहार के गांवों में रहने वाले युवाओं के भीतर यह विश्वास जगा है कि संसाधनों की कमी के कारण उनकी प्रतिभा दबकर नहीं रह जाएगी.
हालांकि जदयू के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर भी शुरू हो गया है. विपक्षी दलों और कई यूजर्स ने सवाल उठाए कि किसी खिलाड़ी की व्यक्तिगत मेहनत और संघर्ष का श्रेय राजनीतिक तौर पर लेना उचित नहीं है. वहीं जदयू समर्थकों का कहना है कि सरकार की नीतियां और बेहतर खेल सुविधाएं ही प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच देती हैं.
वैभव सूर्यवंशी फिलहाल अपने खेल पर फोकस बनाए हुए हैं और लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. बिहार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले इस युवा खिलाड़ी से राज्य के युवाओं को भी प्रेरणा मिल रही है.













