PoliTalks News
बड़ी खबर

भैराणा आंदोलन की बड़ी जीत: बेनीवाल के जयपुर कूच के दबाव में झुका प्रशासन, RIICO का काम रुका

28 मई 2026
साझा करें:
भैराणा आंदोलन की बड़ी जीत: बेनीवाल के जयपुर कूच के दबाव में झुका प्रशासन, RIICO का काम रुका

आधी रात को हाइवे पर झुका प्रशासन: हनुमान बेनीवाल के 'जयपुर कूच' के आगे बेबस हुई सरकार

जयपुर/मौजमाबाद: जयपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित भैराणा गांव में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल एरिया के खिलाफ चल रहा संत समाज और ग्रामीणों का आंदोलन बुधवार रात को एक बड़े सियासी ड्रामे के बाद आखिरकार सफल होता नजर आया. राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के आंदोलन में कूदने के बाद बुधवार दोपहर को भैराणा में एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया गया था. दिनभर चली प्रशासनिक वार्ताएं बेनतीजा रहने के बाद, आधी रात को बेनीवाल के एक आह्वान पर हजारों लोगों की भीड़ ने जयपुर की तरफ मार्च करना शुरू कर दिया, जिससे गहमागहमी और तनाव चरम पर पहुंच गया.

हजारों प्रदर्शनकारियों के इस आक्रामक रुख के सामने पुलिस और प्रशासन पूरी तरह बेबस नजर आया। भैराणा से नेशनल हाईवे के बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दो बड़े नाकाबंदी पॉइंट बनाए थे, लेकिन बेनीवाल के नेतृत्व में उग्र समर्थकों ने दोनों बैरिकेड्स और नाकाबंदी को तोड़ते हुए जयपुर की तरफ कदम बढ़ा दिए. काफिले की तेज रफ्तार और भारी भीड़ को देखकर प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। जिसके बाद अजमेर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर मौखमपुरा के पास जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश, ग्रामीण एसपी हनुमन मीणा और जयपुर कलेक्टर संदेश नायक भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और बीच सड़क पर ही हनुमान बेनीवाल के साथ आपातकालीन वार्ता शुरू की.

तकरीबन डेढ़ घंटे तक बीच सड़क पर चली इस मैराथन वार्ता के बाद आखिरकार प्रशासन को संतों और बेनीवाल की मांगों के आगे झुकना पड़ा। आधी रात को करीब 2 बजे दोनों पक्षों के बीच लिखित सहमति बनी, जिसके बाद जयपुर कूच को स्थगित किया गया. समझौते के तहत सरकार ने फिलहाल 800 बीघा जमीन पर रीको (RIICO) के काम को तुरंत प्रभाव से रोक कर स्थगित कर दिया है, साथ ही डेयरी के लिए आवंटित दो प्लॉटों पर भी रोक लगा दी गई है.

सांसद हनुमान बेनीवाल ने जीत का ऐलान करते हुए कहा कि साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों, आईजी, कलेक्टर और रीको के अधिकारियों की एक संयुक्त कमेटी बनाई गई है, जो 7 दिनों के भीतर बैठक करेगी. यह समिति नदी-नालों और अब्दुल रहमान केस के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर रीको के निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू होगी। बेनीवाल ने दावा किया कि आगामी 15 से 20 दिनों के भीतर इस पूरे इंडस्ट्रियल एरिया के आवंटन को पूरी तरह निरस्त करवा दिया जाएगा.

बता दें रात को दो बजे सांसद हनुमान बेनीवाल और जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने लोगों को संबोधित करते हुए वार्ता में बनी सहमति के बिंदुओं की जानकारी दी. हनुमान बेनीवाल के साथ जिला कलेक्टर और रेंज आईजी गाड़ी की छत पर बैठकर लोगों को संबोधित करते हुए बताया- 

सरकार भैराणा में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल एरिया को री-डिजाइन करेगी.

इसके लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा.

कमेटी में संघर्ष समिति के पदाधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा.

एक महीने के भीतर कमेटी अपनी रिपोर्ट पेश करेगी.



वीडियो

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal