कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Siddaramaiah) आज इस्तीफा दे सकते हैं. बताया जा रहा है कि उन्होंने राज्यपाल थावरचंद गहलोत (Thawar Chand Gehlot) से मुलाकात का समय मांगा है. साथ ही बेंगलुरु स्थित आवास पर मंत्रियों की ‘ब्रेकफास्ट मीटिंग’ भी बुलाई गई है. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बैठक के बाद सिद्धारमैया अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप सकते हैं.
सूत्रों
के मुताबिक, शुक्रवार को डीके शिवकुमार (D. K. Shivakumar) को कांग्रेस विधायक दल का
नेता चुना जा सकता है. इसके बाद कांग्रेस डीके शिवकुमार के नेतृत्व में सरकार बनाने
का दावा पेश करेगी. शनिवार को उनके मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना जताई जा
रही है. साथ ही 2 से 3 डिप्टी सीएम बनाए जाने की भी चर्चा है.
कैबिनेट
में बड़े बदलाव की तैयारी
नई सरकार के गठन के साथ मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल की संभावना है. जानकारी के अनुसार 15 से 20 नए चेहरों को मंत्री बनाया जा सकता है. वहीं सिद्धारमैया खेमे को संतुलित रखने के लिए उनके बेटे को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर सहमति बनने की खबर है. कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला (Randeep Surjewala) भी हालात पर नजर रखने के लिए बेंगलुरु पहुंच चुके हैं.
ढाई-ढाई
साल के फॉर्मूले की चर्चा फिर तेज
कर्नाटक
में 2023 से ही सत्ता साझा करने के फॉर्मूले की चर्चा होती रही है. डीके शिवकुमार समर्थक
दावा करते रहे हैं कि कांग्रेस सरकार बनने के समय मुख्यमंत्री पद को लेकर ढाई-ढाई साल
का समझौता हुआ था. हालांकि सिद्धारमैया गुट लगातार इससे इनकार करता रहा. अब मौजूदा
घटनाक्रम ने उस चर्चा को फिर से हवा दे दी है.
सिद्धारमैया
का लंबा राजनीतिक सफर
सिद्धारमैया
कर्नाटक की राजनीति के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं. उन्होंने 1983 में
निर्दलीय विधायक के रूप में राजनीति की शुरुआत की थी. बाद में जनता पार्टी में शामिल
होकर मंत्री और उप मुख्यमंत्री बने. 2006 में कांग्रेस में आने के बाद 2013 में पहली
बार मुख्यमंत्री बने और 2023 में दूसरी बार राज्य की कमान संभाली.
बीजेपी
ने साधा निशाना
इस
राजनीतिक हलचल के बीच बी.वाई. विजयेंद्र (B. Y. Vijayendra) ने दावा किया है कि राज्य
में जल्द मध्यावधि चुनाव हो सकते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की अंदरूनी
कलह से प्रशासन प्रभावित हुआ है और राज्य भारी कर्ज में डूब गया है.












