PoliTalks News
बड़ी खबर

बालोतरा-जालोर में गरजे हनुमान बेनीवाल, किसानों और युवाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरा

01 नवंबर 2026
साझा करें:
बालोतरा-जालोर में गरजे हनुमान बेनीवाल, किसानों और युवाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरा

RLP के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने बालोतरा और जालोर में जनसभाओं को संबोधित किया. किसानों, युवाओं, रोजगार और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को घेरा और पंचायत चुनाव में RLP प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगे

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल बालोतरा और जालोर जिले के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने पंचायती राज चुनावों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में कई जनसभाओं को संबोधित किया. इस दौरान बालोतरा जिले के कोरणा, गिड़ा, सिणधरी और भीमथल सहित जालोर जिले के सिवाड़ा में आयोजित सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं, किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी. बेनीवाल ने जनसभाओं के माध्यम से पार्टी के चुनावी एजेंडे को जनता के सामने रखते हुए RLP प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की.

जनसभाओं को संबोधित करते हुए सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी प्रदेश में केवल चुनाव लड़ने के उद्देश्य से राजनीति नहीं कर रही है, बल्कि राजस्थान की व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन के संकल्प के साथ संघर्ष कर रही है. उन्होंने कहा कि कर्जमुक्त किसान, सशक्त लोकायुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त शासन, अपराध मुक्त राजस्थान, युवाओं को रोजगार, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य तथा शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था में सुधार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पार्टी की प्राथमिकता में शामिल हैं. इन जनहित के मुद्दों को लेकर RLP लगातार सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही है.

सांसद बेनीवाल ने प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज राजस्थान का किसान कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है और युवा रोजगार की तलाश में संघर्ष करने को मजबूर है. वहीं आमजन भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था से परेशान है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होने के बावजूद आम जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है. ऐसे में RLP इन मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठा रही है.पार्टी का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था स्थापित करना है, जिसमें शासन और प्रशासन जनता के प्रति जवाबदेह हों तथा प्रत्येक व्यक्ति को न्याय और उसके अधिकार मिल सकें.

वही हनुमान बेनीवाल ने मतदाताओं से पंचायती राज चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के उम्मीदवारों को बोतल के चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील की. सांसद बेनीवाल ने आगे कहा कि पंचायत समिति और जिला परिषद में RLP के प्रतिनिधियों को मजबूत बनाकर जनता अपनी आवाज को मजबूती से उठा सकती है. जनसभाओं के दौरान उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाने का प्रयास किया और ग्रामीण मतदाताओं से चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया.

इस दौरान बालोतरा जिले के प्रभारी एवं खींवसर के पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल, कमालुद्दीन, थान सिंह डोली, बाबूलाल चौधरी, ताजाराम सिंह सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. बालोतरा और जालोर में लगातार हुई इन जनसभाओं के जरिए हनुमान बेनीवाल ने पंचायती राज चुनाव में RLP की मजबूती और पार्टी के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दि

या.


PoliTalks News - Authoritative News Portal