PoliTalks News
बड़ी खबर

CM भजनलाल शर्मा का 'मिशन राजस्थान': 24 घंटे में 6 केंद्रीय मंत्रियों से की मैराथन मुलाकात, प्रदेश को मिली कई सौगातें!

07 जुलाई 2026
साझा करें:
CM भजनलाल शर्मा का 'मिशन राजस्थान': 24 घंटे में 6 केंद्रीय मंत्रियों से की मैराथन मुलाकात, प्रदेश को मिली कई सौगातें!

दिल्ली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 'मिशन राजस्थान': 24 घंटे में 6 केंद्रीय मंत्रियों से मैराथन मुलाकात, प्रदेश के लिए लाए सौगातों का पिटारा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश को केंद्र सरकार से नई—नई सौगातें मिल रही है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार दिल्ली दौरे कर प्रदेश के हितों को लेकर केंद्रीय मंत्रियों से मैराथन मुलाकातें कर रहे हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली प्रवास के दौरान सोमवार देर रात और मंगलवार को प्रदेश के हितों की पैरवी और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी समन्वय के लिए 6 केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात की. इन बैठकों में मुख्यमंत्री ने ऊर्जा, शहरी विकास, कृषि, खाद्य सुरक्षा, जल सहित विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की प्रगति को लेकर केन्द्रीय मंत्रियों के साथ विस्तार से चर्चा की. 


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय उपभोक्ता मामले व खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी, केन्द्रीय ऊर्जा व आवास एवं शहरी मामलात मंत्री मनोहर लाल, केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, केन्द्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलात मंत्री निर्मला सीतारमण, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मुलाकात से मुलाकात कर प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ ही केन्द्र और राज्य समन्वय को लेकर सार्थक और सकारात्मक चर्चा की.


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात को लेकर केन्द्रीय ग्रामीण विकास व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम को व्यवस्थित रूप से धरातल पर लागू किया गया है. पहले ही दिन से यहां सभी मजदूरों को कार्य उपलब्ध कराने के साथ ही हर गांव का सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही ग्राम विकास चौपालों की भी सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री गांवों में जाकर स्वयं लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं, इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं.


केन्द्रीय उपभोक्ता मामले व खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक खाद्यान्न वितरण प्रणाली, राज्य में अन्न भंडारण क्षमता के विस्तार एवं आधुनिक वेयरहाउस विकसित करने पर चर्चा की. इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के क्षेत्र में राजस्थान की उल्लेखनीय प्रगति को लेकर सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रदेश की यह उपलब्धि केन्द्र एवं राज्य सरकार के बीच मजबूत साझेदारी का प्रतीक है. बैठक के दौरान स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन मॉडल के माध्यम से पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को गति प्रदान करने, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम के विकास से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श हुआ. 


केन्द्रीय ऊर्जा व आवास एवं शहरी मामलात मंत्री मनोहर लाल के साथ मुख्यमंत्री ने राजस्थान में ऊर्जा क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण, आवास एवं शहरी विकास की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर चर्चा की. इसके साथ ही प्रदेश में ई-बस सेवाओं और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई. केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन, यमुना जल परियोजना, राम जल सेतु लिंक परियोजना सहित प्रदेश की विभिन्न परियोजनाओं एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं को लेकर सकारात्मक संवाद किया. केन्द्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलात मंत्री निर्मला सीतारमण से मुख्यमंत्री की मुलाकात के दौरान प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ ही केन्द्र और राज्य समन्वय को लेकर सार्थक और सकारात्मक चर्चा हुई. उल्लेखनीय है कि सोमवार देर रात मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राजस्थान में चल रही विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की प्रगति को लेकर विचार-विमर्श किया.


Bhajan Lal Sharma I Viksit Rajasthan I Nirmala Sitaraman I Manohar Lal Khattar I Nitin Gadkari I Prahalad Joshi I C R Patil I Shivraj Singh Chouhan I Indian Politics I Rajasthan Politics I Rajasthan Bjp I Political News I Politalks News I Breaking News I

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal