PoliTalks News
बड़ी खबर

भाजपा सरकार सिर्फ 'रील और नौटंकी' में व्यस्त, महंगाई से जनता बेहाल- टीकाराम जूली

03 जून 2026
साझा करें:
भाजपा सरकार सिर्फ 'रील और नौटंकी' में व्यस्त, महंगाई से जनता बेहाल- टीकाराम जूली
  • कोटा ओबीसी अधिवेशन: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को घेरा, रील संस्कृति और महंगाई पर उठाए सवाल

  • Rajasthan Politics: राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. कोटा शहर एवं देहात जिला कांग्रेस के ओबीसी अधिवेशन व पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए जूली ने कहा कि देश और प्रदेश की मौजूदा सरकारें आम जनता की समस्याओं से पूरी तरह मुंह मोड़ चुकी हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आजकल सरकार के नुमाइंदे सिर्फ राजनीतिक नौटंकी और सोशल मीडिया पर रील बनवाने के क्रेज में डूबे हुए हैं. प्रधानमंत्री के कहने पर कुछ दिन ऑटो, मेट्रो और बसों में सफर की तस्वीरें खिंचवाने के बाद ये नेता जनता के बीच से पूरी तरह गायब हैं. अगर इन्हें हकीकत देखनी है, तो इन्हें रोज आम जनता की तरह सफर करना चाहिए ताकि इन्हें जमीनी सच्चाई का पता चल सके. टीकाराम जूली ने चेतावनी दी कि भाजपा नेता केवल प्रचार और रील के माध्यम से जनता को गुमराह करने का काम तुरंत बंद करें.

    बजट निर्माण में वंचितों की हिस्सेदारी महज 6 प्रतिशत:

    अधिवेशन में 'जितनी हिस्सेदारी, उतनी भागीदारी' के मुद्दे पर बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने ही सबसे पहले इस मांग को देश में प्रमुखता से उठाया है. उन्होंने साफ किया कि जब देश में जातिगत जनगणना होगी, तभी असल मायने में यह पता चल सकेगा कि पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासी वर्ग का देश के संसाधनों और व्यवस्था में कितना प्रतिनिधित्व है. देश का बजट तय करने और उसे खर्च करने वाले शीर्ष पदों पर इन वंचित वर्गों की मौजूदगी आज भी बेहद नगण्य है. उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देश के बजट निर्माण की प्रक्रिया में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग की हिस्सेदारी महज 6 प्रतिशत के आसपास सिमटी हुई है, जबकि बाकी 94 प्रतिशत बजट उन लोगों द्वारा तय किया जा रहा है जो ऊंचे पदों पर काबिज हैं और मूल वंचितों को आगे आने का मौका नहीं मिल पा रहा है.

    महंगाई की मार से आर्थिक रूप से पिस रहा है आम आदमी:

    टीकाराम जूली ने देश में बढ़ती महंगाई पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों ने देश को खोखला कर दिया है. आज डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस सहित परिवहन से जुड़ी हर आवश्यक चीज के दाम आसमान छू रहे हैं. उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में किसी भी सरकारी या निजी कर्मचारी और मजदूर की आय में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, न ही किसी किसान को उसकी फसल का बढ़ा हुआ दाम मिला है. आज गरीब, मजदूर और आम आदमी इस बेतहाशा महंगाई के कारण आर्थिक रूप से पिस रहा है, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों को जनता की इस गंभीर पीड़ा से कोई सरोकार नहीं है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनता को गर्मी में पानी पीने की नसीहत दे रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि आज जनता को पीने का साफ पानी तक मयस्सर नहीं हो पा रहा है.

    देश बचाने के लिए कार्यकर्ता कसें कमर, 2 साल का वक्त बचा:

    समारोह में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने चुनावी शंखनाद किया. उन्होंने कहा कि आने वाला समय हमारा है और अब महज दो साल का वक्त बचा है, इसलिए सभी साथी अभी से मजबूती के साथ अपनी कमर कस लें क्योंकि अब बात सिर्फ राजनीति की नहीं बल्कि देश को बचाने की है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने और जनता के हक की आवाज बुलंद करने के लिए धरातल पर पूरी ताकत के साथ जुट जाएं.

    WhatsApp Image 2026-06-03 at 6
    WhatsApp Image 2026-06-03 at 6
    WhatsApp Image 2026-06-03 at 6

    संबंधित समाचार

    महत्वपूर्ण खबरें

    PoliTalks News - Authoritative News Portal