PoliTalks News
बड़ी खबर

कर्नाटक की सियासत: सीएम पद की शपथ से पहले दुविधा में डीके शिवकुमार, बताई वजह

31 मई 2026
साझा करें:
कर्नाटक की सियासत: सीएम पद की शपथ से पहले दुविधा में डीके शिवकुमार, बताई वजह

आगामी 3 जून को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं डीके शिवकुमार, नए प्रदेशाध्यक्ष के नाम पर भी चल रहा मंथन, फैसला शीघ्र

कर्नाटक में 3 जून को डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं, लेकिन शपथ ग्रहण से पहले ही उन्होंने एक दुविधा साझा की. दरअसल, मुख्यमंत्री बनने जा रहे शिवकुमार उस जगह का निरीक्षण करने पहुंचे थे, जहां कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) का नया भवन बनाया जाना है. उन्होंने इच्छा जताई कि शपथ ग्रहण के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे यहां आकर भवन का शिलान्यास करें. इसके लिए उन्हें औपचारिक निमंत्रण भी भेजा जाएगा.

 

यहां अपनी दुविधा को साझा करते हुए डीके ने कहा कि राजभवन में जगह सीमित होने के कारण कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक साथ वहां नहीं रखा जा सकता. यही वजह है कि शपथ ग्रहण समारोह की लाइव स्ट्रीमिंग कराई जाएगी, ताकि पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक इस ऐतिहासिक पल के गवाह बन सकें. शिवकुमार ने यह भी कहा कि वे विभिन्न धर्मों के धार्मिक नेताओं को इस कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता देंगे. साथ ही, अन्य नेताओं के शपथ लेने के सवाल पर उन्होंने फैसला पार्टी हाईकमान पर छोड़ दिया.

 

गौरतलब है कि 3 जून को डीके शिवकुमार के राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे. फिलहाल नई कर्नाटक कैबिनेट का पूरा स्वरूप अभी तय नहीं हुआ है. मंत्रियों और डिप्टी मुख्यमंत्री की संख्या को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है.

 

माना जा रहा है कि नई सरकार में मंत्रियों की नियुक्ति दो चरणों में हो सकती है. पहले चरण में कुछ नेताओं को कैबिनेट में जगह दी जाएगी, जबकि बाकी नेताओं को 15 दिन से एक महीने के भीतर दूसरे चरण में शामिल किया जा सकता है. राज्य में तीन से चार डिप्टी सीएम बनाए जाने की औपचारिक चर्चाओं ने भी जोर पकड़ा है.

 

युवा के हाथों में सौंपी जाएगी पार्टी की बागड़ोर

 

मुख्यमंत्री बनने के बाद डीके शिवकुमार को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के अध्यक्ष पद को छोड़ना होगा. पार्टी उनके उत्तराधिकारी की तलाश कर रही है. कांग्रेस ऐसे नेता को जिम्मेदारी देना चाहती है जो संगठन को मजबूत कर सके. सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चल सके और आगामी चुनावों की तैयारी बेहतर तरीके से कर सके. अभी तक डीके ही पीसीसी चीफ के साथ डिप्टी सीएम पद संभाले हुए थे. अब नए प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति पर भी सभी की नजरे गढ़ी हुई हैं.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal