Ashok Gehlot on Bhajanlal Sharma: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जोधपुर में दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिना तथ्यों के उनके खिलाफ अनर्गल बातें कही हैं और व्यक्तिगत तौर पर झूठे आरोप लगाकर कपोल-कल्पित कहानी प्रचारित की है, जिससे उन्हें पीड़ा पहुंची है. अशोक गहलोत ने सीएम भजनलाल को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपने आरोपों का विस्तृत विवरण तथ्यों और दस्तावेजों के साथ सार्वजनिक करें और अन्यथा 24 घंटे के भीतर उनसे माफी मांगें.
वही अशोक गहलोत ने आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल से जुड़े विला खरीद प्रकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री लोकतांत्रिक मर्यादा का पालन करते हुए इस मामले में मीडिया में सामने आ रहे आरोपों और अपनी भूमिका को लेकर प्रदेश की जनता के सामने सच्चाई रखेंगे. गहलोत ने आरोप लगाया कि अनंता कंपनी को विशेष छूट देने का फैसला जिस बोर्ड की बैठक में हुआ, उसके अध्यक्ष स्वयं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हैं.
पूर्व सीएम गहलोत ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री इस पूरे मामले से जुड़े सवालों का जवाब देने के बजाय व्यक्तिगत आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि अनंता रिजॉर्ट को विशेष पैकेज दिए जाने में मुख्यमंत्री की क्या भूमिका रही, क्योंकि जिस निवेश बोर्ड के निर्णय के आधार पर यह पैकेज जारी हुआ, उसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री ही कर रहे थे.
वही पूर्व मुख्यमंत्री ने जांच एजेंसी को लेकर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने पूछा कि आखिर मुख्यमंत्री इस पूरे प्रकरण की जांच अपने अधीन आने वाली एसीबी के बजाय केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई को क्यों नहीं सौंप रहे हैं? गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुए बोर्ड के फैसले की जांच मुख्यमंत्री के अधीन आने वाली एजेंसी निष्पक्ष तरीके से कैसे कर पाएगी. इस बयान के बाद राजस्थान की राजनीति में विला खरीद प्रकरण को लेकर एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है.
आपको बता दें राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को जोधपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के बाद आयोजित जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा. गहलोत के गढ़ जोधपुर में मुख्यमंत्री ने कहा कि गहलोत खुद को उन्हें भोला समझते हैं, लेकिन वे विधानसभा में भी कह चुके हैं कि वे किसी को छोड़ते नहीं हैं और हर बात का जवाब ब्याज सहित चुकाते हैं. उन्होंने कांग्रेस की दिल्ली रैली का जिक्र करते हुए तंज कसा कि तीन बार मुख्यमंत्री रहे गहलोत को मंच पर भी उचित स्थान नहीं मिला, यह उनकी पार्टी और उनके कर्मों का परिणाम है. वही भजनलाल शर्मा ने खुद को किसान का बेटा बताते हुए गहलोत पर किसानों को लूटने और नकली खाद-बीज बेचने के आरोप लगाए. उन्होंने गहलोत की पुरानी खाद-बीज की दुकान और गोदाम पर छापे का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों को नकली खाद-बीज देकर नुकसान पहुंचाया गया था. मुख्यमंत्री ने गहलोत सरकार के कार्यकाल में आरपीएससी में नियुक्तियों, पेपर लीक, सीएमओ से जुड़े कथित कनेक्शन और जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर भी सवाल उठाए. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत ने जोधपुर की जनता का भला करने के बजाय अपने परिवार और रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाया. मुख्यमंत्री ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि गहलोत जो भी सवाल उठाएंगे, उन्हें हर सवाल का जवाब मिलेगा और उनके भ्रष्टाचार की पूरी कहानी सामने रखी
जाएगी.










