PoliTalks News
बड़ी खबर

सुवेंदु को साथ ले टीएमसी को बंगाल से उखाड़ फेंकने का प्रण लिया अमित शाह ने, जय श्री राम के लगे नारे

19 दिसंबर 2020
साझा करें:
सुवेंदु को साथ ले टीएमसी को बंगाल से उखाड़ फेंकने का प्रण लिया अमित शाह ने, जय श्री राम के लगे नारे

Politalks.News/WestBengal. दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पहले दिन शनिवार को मिदनापुर की रैली में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा. बीजेपी के चाणक्य माने जाने वाले अमित शाह ने रैली में अपने भाषण की शुरुआत ‘भारत माता की जय‘ के उद्घोष के साथ शुरुआत की तो रैली के अंत में ‘जय श्री राम‘, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम‘ के साथ भाषण खत्म किया. इस दौरान रैली में मौजूद लोगों से अमित शाह ने कहा कि दोनों हाथ उठाए और बदलाव की मुठ्ठी भिचे और इतनी जोर से नारा लगाएं कि कलकत्ता में ममता दीदी के कान तक आवाज चली जाए. … Read more

Politalks.News/WestBengal. दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पहले दिन शनिवार को मिदनापुर की रैली में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा. बीजेपी के चाणक्य माने जाने वाले अमित शाह ने रैली में अपने भाषण की शुरुआत ‘भारत माता की जय‘ के उद्घोष के साथ शुरुआत की तो रैली के अंत में ‘जय श्री राम‘, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम‘ के साथ भाषण खत्म किया. इस दौरान रैली में मौजूद लोगों से अमित शाह ने कहा कि दोनों हाथ उठाए और बदलाव की मुठ्ठी भिचे और इतनी जोर से नारा लगाएं कि कलकत्ता में ममता दीदी के कान तक आवाज चली जाए. यही नहीं अपने सम्बोधन में अमित शाह ने ममता बनर्जी की टीएमसी की सरकार को उखाड़ फेंकने का प्रण करवाया.

वहीं जैसा कि पहले से कयास लगाए जा रहे थे अमित शाह की रैली के दौरान टीएमसी के पूर्व नेता सुवेंदु अधिकारी ने बीजेपी का दामन थाम लिया. कई दिनों से अधिकारी के बीजेपी में जाने की अटकले थीं. सुवेंदु अधिकारी शनिवार को जब शाह की रैली में शामिल होने पहुंचे तो उन्हें मंच पर अमित शाह के बगल में जगह दी गई. बता दें, सुवेंदु अधिकारी के साथ सुनील मंडल, दीपाली विश्वास समेत कई नेताओं ने भी बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली है.

इसके बाद अपने सम्बोधन में अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हमारे साथ एक एमपी, नौ एमएलए, एक एक्स मिनिस्टर, एक एमओएस, 15 काउंसलर, 45 चेयरमैन और जिला पंचायत के दो अध्यक्ष जुड़े हैं. कांग्रेस, टीएमसी, सीपीएम के अच्छे लोग आज पीएम मोदी के नेतृत्व में काम करने के लिए बीजेपी में शामिल हो गए हैं. अमित शाह ने कहा दीदी कहती है कि भाजपा दल बदल कराती है, दीदी मैं आपको याद कराने आया हूं कि आपकी मूल पार्टी कौन सी है- तृणमूल कांग्रेस थी क्या? जब आपने कांग्रेस छोड़कर तृणमूल बनाई तब वो दल बदल नहीं था? अमित शाह ने दावा किया कि चुनाव आते आते ममता बनर्जी अकेली रह जाएंगी.

यह भी पढ़ें: जैसे पीएम पद का मोह त्यागा वैसे ही अब पुत्र मोह त्याग कर लोकतंत्र को बचाएं: शिवानंद ने दी सोनिया को सलाह

शाह ने सीएम बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने मां, माटी, मानुष को तोलाबाजी, भतीजाबाद और भ्रष्टाचार में बदला. केंद्र जो किसानों को पैसा दे रही है, वह बंगाल में किसानों को क्यों नहीं मिलने दिया जा रहा है. अमित शाह ने कहा कि जब तक ममता बनर्जी रहेंगी गरीबों को आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिलेगा. केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि कुछ बड़बोले नेताओं ने कहा कि बंगाल में तृणमूल को कोई हरा नहीं सकता, मैं उनको याद कराना चाहता हूं कि संसद के चुनाव के अंदर कहते थे कि भाजपा का खाता नहीं खुलेगा, हमारे दिलीप घोष की आध्यक्षता और मोदी जी के नेतृत्व में 18 सीटें भाजपा ने जीती हैं.

अमित शाह ने अबकी बार बीजेपी सरकार का दावा करते हुए कहा कि जब विधानसभा चुनाव का परिणाम आए देख लेना इस बार 200 सीटों से ज्यादा सीटों के साथ बीजेपी की सरकार बनने जा रही है. आपने वादा किया था बंगाल के विकास का, बंगाल का तो विकास नहीं हुआ यहां टोलबाजी बढ़ गई. आपने वादा किया था भ्रष्टाचार हटाने का, मोदी जी ने अंफान तूफान के लिए जो पैसा भेजा था टीएमसी ने अपने गुंडों को दे दिया. मोदी जी ने गरीबों के लिए जो राशन भेजा वह टीएमसी के गुंडें चपत कर गए. कोर्ट को सीएजी जांच का आदेश देना पड़ा, ममता बनर्जी आपको शर्म आनी चाहिए.

वहीं हाल ही में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की रैली के दौरान उनके काफिले पर हुए हमले को लेकर अमित शाह ने कहा कि हमारी पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले के वाहनों पर हमला किया गया, इससे हम डर जाएंगे क्या? हमारे 300 से ज्यादा कार्यकर्ता मारे गए हैं. आप जितनी हिंसा करोगी, बीजेपी के कार्यकर्ता उतने जोर से आपका सामना करेंगे. कितने लोगों को मारेंगी, पूरा बंगाल आपके खिलाफ खड़ा हो गया है.

यह भी पढ़ें: जितेन्द्र तिवारी ने ममता से मांगी माफी तो विधानसभाध्यक्ष ने किया सुवेंदु अधिकारी का इस्तीफा नामंजूर

अमित शाह ने आगे कहा कि बंगाल में सभी समस्याओं का समाधान केवल भारतीय जनता पार्टी कर सकती है. चुनाव तक हम सभी बीजेपी कार्यकर्ताओं को टीएमसी को हराने का काम करना है. कांग्रेस, टीएमसी और लेफ्ट से आने वाले सभी नेताओं और उनके साथियों का मैं मन से बीजेपी में स्वागत करता हूं. अपने भाषण के अंत मे अमित शाह ने कहा कि बंगाल की जनता का आह्वान करता हूं- आपने तीन दशक तक कांग्रेस को मौका दिया, लेफ्ट को दिया, 10 साल ममता दिया, पांच साल बीजेपी को दे दीजिए, हम बंगाल को सोनार बांग्ला बना देंगे.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal