निहाल चंद मेघवाल की जीवनी (Nihal Chand Biography in Hindi)
Nihal Chand Latest News - निहाल चंद मेघवाल राजस्थान की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ऐसे नेता रहे हैं, जिन्होंने कम आयु में ही सक्रिय राजनीति में कदम रखा और आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई. वर्ष 1996 में महज 25 वर्ष की आयु में श्रीगंगानगर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार संसद पहुंचने वाले निहाल चंद ने इसके बाद राजस्थान की राजनीति में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई. पांच बार लोकसभा के लिए चुने जाने वाले मेघवाल राज्य में विधायक भी रह चुके है. वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में निहाल चंद राज्य मंत्री रहे. राजस्थान की श्रीगंगानगर सीट का लंबे समय तक प्रतिनिधित्व करने वाले निहाल चंद 16वीं और 17वीं लोकसभा में भी यहाँ से सांसद रहे हैं. इस लेख में हम आपको निहाल चंद मेघवाल के जीवन परिचय (Nihal Chand Biography in Hindi) के बारें में जानकारी देने वाले है.
निहाल चंद मेघवाल जन्म और परिवार (Nihal Chand Birth & Family)
निहाल चंद मेघवाल (Nihal Chand Meghwal) का जन्म 4 फरवरी 1971 को राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के बाजुवाला में हुआ था. उनके पिता का नाम श्री बेगा राम चौहान (Shri Bega Ram Chauhan) और माता का नाम श्रीमती सुरजी देवी (Smt. Surji Devi) हैं.
उनका विवाह 17 अप्रैल 1992 को श्रीमती ज्योति चौहान (Smt. Jyoti Chauhan) से हुआ था. उनके दो संतान हैं. उन्हें एक बेटा और एक बेटी हैं. चुनाव में दिए गए हलफनामें के अनुसार उनकी पत्नी डेयरी व्यवसाय और कृषि से जुड़ी हैं.
निहाल चंद मेघवाल हिन्दू है.
उनपर 0 आपराधिक मुकदमा दर्ज है. (स्रोत: myneta.info - 2024)
स्थायी पता: श्रीविजयनगर रोड, संत निरंकारी भवन, तह. रायसिंहनगर, जिला. श्री गंगानगर-335051, राजस्थान
दूरभाष: (01507) 221317,
मोबाइल: 09414090050
वर्तमान पता: 11, पं. रवि शंकर शुक्ला लेन, (कैनिंग लेन), नई दिल्ली - 110001
दूरभाष: (011) 23782561, 23782562
मोबाइल: 09414090050, 09971127226
निहाल चंद मेघवाल की शिक्षा (Nihal Chand Education)
निहाल चंद मेघवाल ने वर्ष 2006 में श्री नेहरू एसपी इवनिंग कॉलेज, बीकानेर विश्वविद्यालय, बीकानेर, राजस्थान से 2006 में स्नातक (बीए) किया.
निहाल चंद मेघवाल राजनीतिक करियर (Nihal Chand Political Career)
राजस्थान के भाजपा नेता निहाल चंद मेघवाल श्रीगंगानगर क्षेत्र के जमीनी नेता के तौर पर जाने जाते हैं. इस लोकसभा सीट में अपनी मजबूत पकड़ के कारण वे यहाँ से पांच बार चुने जा चुके है. उनकी राजनीतिक यात्रा बेहद कम आयु में आरंभ हुई. वर्ष 1995 में निहाल चंद रायसिंहनगर पंचायत समिति के प्रधान चुने गए. इसके अगले ही वर्ष 1996 में भाजपा के टिकट पर श्रीगंगानगर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर 11वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए. उस समय उनकी उम्र महज 25 वर्ष थी और वे राजस्थान से लोकसभा पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के सांसदों में शामिल रहे. वर्ष 1998 में उन्होंने राजस्थान विधानसभा का चुनाव लड़ा और रायसिंहनगर सीट से विधायक चुने गए. इसके बाद वर्ष 1999 में उन्होंने श्रीगंगानगर लोकसभा सीट से दोबारा चुनाव जीता और 13वीं लोकसभा में जीतकर दूसरी बार सांसद बने. फिर वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में भी वे इसी सीट से जीत दर्ज कर तीसरी बार सांसद बने. यह वह दौर था, जब अटल बिहारी बाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए की पराजय के साथ केंद्र में यूपीए -1 की सरकार आ गई थी.
2004 से लेकर 2014 के दस वर्षो का समय एनडीए के लिए अच्छा नहीं रहा. इन दस वर्षो में केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए 1 और 2 का शासन रहा. इसका असर निहाल चंद मेघवाल की राजनीति पर भी पड़ा और वे वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के भारत राम मेघवाल के हाथों एक लाख चालीस हजार मतों के अंतर से हार गए. पर 2014 में वे इसी सीट से 2,91,741 मतों के अंतर से विजयी रहे. मई 2014 में हुए 16वीं लोकसभा चुनाव में उन्हें कुल 6,58,130 मत तो वही उनके निटकतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवार भंवरलाल मेघवाल को 3,66,389 मत हासिल हुए. लोकसभा चुनाव में यह उनकी चौथी जीत थी. 2014 में जब केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा-एनडीए की सरकार बनी तब निहाल चंद को भी मंत्रालय में पहली बार जगह मिली. उन्हें मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में राज्य मंत्री, तो वही बाद में पंचायती राज मंत्रालय में राज्य मंत्री का पद दिया गया.
इसके बाद वे इसी श्रीगंगानगर लोकसभा सीट से मई 2019 में हुए 17वीं लोकसभा के लिए पुनः निर्वाचित हुए. लोकसभा सांसद के तौर पर यह उनका 5वां कार्यकाल था. उन्होंने 8,97,177 वोट हासिल कर कांग्रेस के भारत राम मेघवाल को 4,06,978 मतों के बड़े अंतर से हराकर अपनी पिछली जीत को कायम रखा. वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें इस सीट से टिकट न देकर प्रियंका बालन मेघवाल को टिकट दे दिया. हालांकि भाजपा यहाँ से जीत नहीं पायी और कांग्रेस की यहाँ से जीत हो गई.
निहाल चंद मेघवाल की संपत्ति (Nihal Chand Property)
2019 में लोकसभा चुनाव में दाखिल किये गए घोषणापत्र के अनुसार निहाल चंद मेघवाल की कुल संपत्ति 2.10 करोड़ रूपये हैं, जबकि उनपर 36 लाख रूपये का कर्ज भी है.
इस लेख में हमने आपको निहाल चंद मेघवाल जीवनी (Nihal Chand Biography in Hindi) के बारे में जानकारी दी है. अगर आपका कोई सुझाव है तो हमें कमेंट करके जरूर बताएं.













