मध्य प्रदेश के रीवा में भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनार्दन मिश्रा अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं. कोलकाता-रीवा-भोपाल हवाई सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान सांसद ने पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जिसको लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रिया सामने आने लगी है. कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सतना सांसद गणेश सिंह, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी समेत कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद थे. इसी मंच से जनार्दन मिश्रा ने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर सरकार की नीति का बचाव करते हुए विरोध करने वालों पर तीखी टिप्पणी की.
'शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा'
सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण की बात कही, तो कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और शुद्ध पेट्रोल की मांग उठाई. इसी दौरान उन्होंने आपा खोते हुए कहा -'शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा.' सांसद के इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. राजनीतिक कार्यक्रम में सार्वजनिक मंच से इस्तेमाल की गई इस भाषा को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं.
इथेनॉल के समर्थन में क्या बोले सांसद?
विवादित टिप्पणी के साथ ही जनार्दन मिश्रा ने इथेनॉल मिश्रित
पेट्रोल के पक्ष में सरकार की नीति का बचाव भी किया. उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत
का करीब 80 प्रतिशत तेल विदेशों से आयात करता है. ऐसे में पेट्रोल में इथेनॉल का मिश्रण
देश की पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करने में मदद कर सकता है.
उन्होंने इसे भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाया
गया कदम बताया और ब्राजील का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़े स्तर पर इथेनॉल आधारित
ईंधन का इस्तेमाल किया जा रहा है. सांसद ने दावा किया कि भारत के पास भी पर्याप्त मात्रा
में इथेनॉल उत्पादन करने की क्षमता है और ऑटोमोबाइल कंपनियां भी इसके अनुरूप वाहन बनाने
के लिए तैयार हैं.
'भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बढ़ रहा'
अपने संबोधन में बीजेपी सांसद ने भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता का भी जिक्र किया. उन्होंने रक्षा और विमानन क्षेत्र में देश के बढ़ते निर्यात को इसका उदाहरण बताया. रीवा में नई हवाई सेवा शुरू होने को लेकर उन्होंने कहा कि एक समय था जब आसपास से हवाई जहाज गुजरता था तो लोग उसे देखकर हैरान होते थे, लेकिन अब रीवा से भी नई फ्लाइट उड़ान भर रही हैं. उन्होंने इसे बदलते भारत और देश के विकास की तस्वीर बताते हुए कहा कि भारत लगातार आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
विकास के मुद्दे पर बयान, भाषा पर विवाद
जनार्दन मिश्रा का पूरा संबोधन इथेनॉल, पेट्रोलियम आयात, आत्मनिर्भरता और रीवा में शुरू हुई हवाई सेवा जैसे मुद्दों पर केंद्रित था. हालांकि उनके भाषण का एक हिस्सा अब राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया है. इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर सरकार की नीति पर राजनीतिक बहस पहले भी होती रही है. लेकिन इस बहस के बीच बीजेपी सांसद की टिप्पणी ने मुद्दे को नीति से हटाकर राजनीतिक भाषा और सार्वजनिक जीवन में नेताओं के बयानबाजी के स्तर तक पहुंचा दिया है.
अब देखना होगा कि बीजेपी सांसद के इस बयान पर विपक्ष किस
तरह प्रतिक्रिया देता है और पार्टी की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक सफाई सामने आती
है या नहीं.












