Rajasthan Politics: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा सरकार पर निर्वाचित पार्षदों पर दबाव बनाने और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं. कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने कहा कि सत्ता बचाने के लिए आखिर कितनी तानाशाही की जाएगी और कितने निर्वाचित पार्षदों पर सरकारी मशीनरी का दबाव बनाया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि तिजारा के कांग्रेस पार्षदों को शिमला से लौटते समय हरियाणा पुलिस ने रोका, जबकि खैरथल के कांग्रेस पार्षदों को पुलिस द्वारा आमेर में जाकर परेशान करने और उन पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है.
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मालाखेड़ा नगरपालिका का भी जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के वार्ड नंबर 13 से निर्वाचित पार्षद महेश चंद्र के यहां GST की कार्रवाई की गई, जबकि वार्ड नंबर 5 के पार्षद मनीष बलाई के घर पटवारी और राजस्व अधिकारियों के जरिए मकान तोड़ने की धमकी देकर भाजपा के पक्ष में वोट डालने का दबाव बनाया जा रहा है. जूली ने आगे कहा कि अगर ये आरोप सही हैं तो यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया और निर्वाचित प्रतिनिधियों की स्वतंत्रता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सवाल किया कि क्या पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जाएगा.

वही तिजारा को लेकर टीकाराम जूली ने और भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि तिजारा में बोर्ड बनाने के लिए कांग्रेस के जनता द्वारा चुने गए पार्षदों को हरियाणा पुलिस द्वारा कथित तौर पर रोका और डिटेन किया गया. जूली के मुताबिक, पूर्व विधायक संदीप यादव को भी करीब 7 घंटे तक हरियाणा पुलिस ने डिटेन करके रखा. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्षदों को बंधक बनाकर चंडीगढ़ के जंगलों की ओर ले जाया गया. हालांकि, ये सभी आरोप टीकाराम जूली की ओर से लगाए गए हैं और इनके संबंध में संबंधित पुलिस या प्रशासन का पक्ष अलग से सामने आना बाकी है.
कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने भाजपा पर जनादेश को प्रभावित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जनता ने जिसे चुना है, उसके जनादेश को सरकारी तंत्र के दबाव से बदलने की कोशिश नहीं होनी चाहिए. जूली ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आखिर कितने पार्षदों को रोका जाएगा, कितनों को डिटेन करवाया जाएगा और कितनों पर दबाव बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सत्ता और कुर्सी के लिए पुलिस-प्रशासन को राजनीतिक दबाव के औजार के रूप में इस्तेमाल करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है.

Rajasthan Nikay Chunav 2026, Rajasthan Municipal Election, Tikaram Jully, टीकाराम जूली, Bhajanlal Sharma, भजनलाल शर्मा, Rajasthan Politics, Rajasthan Nikay Chunav Result, तिजारा निकाय चुनाव, मालाखेड़ा नगरपालिका, कांग्रेस पार्षद, भाजपा पार्षद, पार्षदों पर दबाव, पुलिस प्रशासन, राजस्थान नगर निकाय चुनाव, Tikaram Jully, Bhajanlal Sharma, Rajasthan Nikay Chunav, Rajasthan Politics, Rajasthan Municipal Election 2026, Congress Rajasthan, BJP Rajasthan, Tijara Election, Malakhera Municipality, Rajasthan Congress, Rajasthan BJP










