PoliTalks News
बड़ी खबर

यूपी की सियासत: ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन से बना तीसरा मोर्चा बनेगा सपा-बसपा के जीत का रोड़ा!

13 नवंबर 2026
साझा करें:
यूपी की सियासत: ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन से बना तीसरा मोर्चा बनेगा सपा-बसपा के जीत का रोड़ा!

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की राजनीतिक साझेदारी से उत्तर प्रदेश की सियासत में नए समीकरणों की चर्चा तेज, मुस्लिम, दलित और वंचित वर्गों के वोटों पर नजर, विपक्षी राजनीति में बढ़ रही हलचल

Uttarpradesh Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से नए सियासी समीकरण बनने और बिगड़ने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. प्रदेश की राजनीति लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के इर्द-गिर्द घूमती रही है. हालांकि, अब असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की राजनीतिक नजदीकियों तथा गठबंधन के ऐलान ने एक नए तीसरे मोर्चे की संभावनाओं को हवा दे दी है. यदि दोनों नेता एक साझा राजनीतिक मंच पर आते हैं, तो इसका असर प्रदेश की चुनावी राजनीति और विपक्षी दलों की रणनीति पर पड़ सकता है.

दिलचस्प बात यह है कि ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) दोनों ही अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक आधार पर अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं. दोनों ही नेता सांसद हैं और अपनी अपनी पार्टी के इकलौते 'पार्टी मेकर' चेहरे हैं. ऐसे में दोनों के बीच तालमेल को केवल दो दलों का गठबंधन नहीं, बल्कि प्रदेश में नए सामाजिक समीकरण तैयार करने की कोशिश के रूप में भी देखा जा सकता है.

मुस्लिम-दलित समीकरण साधने की रणनीति

इस गठबंधन की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत मुस्लिम और दलित मतदाताओं को एक साझा मंच पर लाने की कोशिश है. उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आबादी करीब 19 प्रतिशत और दलित आबादी लगभग 21 प्रतिशत मानी जाती है. दोनों समुदायों का संयुक्त सामाजिक आधार प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका रखता है.  

अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी (SP) की राजनीति में मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन लंबे समय से महत्वपूर्ण रहा है. वहीं, बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती ने दलित राजनीति के दम पर प्रदेश में कई बार सत्ता हासिल की है. ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का साथ आना दोनों दलों के पारंपरिक राजनीतिक आधार के सामने नई चुनौती खड़ी कर सकता है. खासकर उन विधानसभा सीटों पर इसका असर चर्चा का विषय है, जहां मुस्लिम और दलित मतदाताओं की संख्या निर्णायक मानी जाती है.

सपा के लिए क्यों बढ़ सकती है चुनौती?

अखिलेश यादव ने पिछले कुछ चुनावों में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के सामाजिक समीकरण को अपनी राजनीति का प्रमुख आधार बनाया है. इस रणनीति के जरिए सपा ने विभिन्न सामाजिक वर्गों को एक साथ जोड़ने की कोशिश की है. सपा के पास भी अपना संगठन, चुनावी अनुभव और स्थापित सामाजिक आधार है. अब ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का नया मोर्चा इसी सामाजिक आधार में अपनी हिस्सेदारी तलाशता नजर आ रहा है.

ओवैसी की राजनीतिक शैली और मुस्लिम मुद्दों पर मुखरता उन्हें अल्पसंख्यक राजनीति में अलग पहचान देती है. दूसरी ओर, चंद्रशेखर आजाद युवाओं और दलित समाज के बीच अपनी राजनीतिक पहचान का विस्तार करने में जुटे हैं. ऐसे में दोनों नेताओं की संयुक्त रणनीति सपा के सामने वोटों के बंटवारे से जुड़ा सवाल खड़ा कर सकती है.

बसपा के सामने भी खड़ी हो सकती है नई चुनौती

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती के लिए भी यह गठबंधन राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है. बसपा की राजनीति का केंद्रीय आधार दलित समाज रहा है, लेकिन पिछले कुछ चुनावों में पार्टी के जनाधार और चुनावी प्रदर्शन में गिरावट दर्ज की गई है. वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में बसपा को 30.43 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि 2022 के विधानसभा चुनाव में उसका वोट शेयर घटकर 12.88 प्रतिशत रह गया. 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी का वोट प्रतिशत 9.39 रहा. इन आंकड़ों के बीच चंद्रशेखर आजाद की सक्रियता और अब ओवैसी के साथ उनका गठबंधन बसपा के सामने नए राजनीतिक प्रतिस्पर्धी के रूप में उभर सकता है. 

बसपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि वह अपने पारंपरिक दलित मतदाताओं के बीच राजनीतिक पकड़ को किस तरह मजबूत रखती है. वहीं, चंद्रशेखर आजाद के सामने अपने समर्थक वर्ग को व्यापक चुनावी समर्थन में बदलने की चुनौती रहेगी.

403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

नए मोर्चे की घोषणा के साथ ही असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा भी घोषित किया है. हालांकि, सीटों के बंटवारे और दोनों दलों के उम्मीदवारों को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है. 

गठबंधन ने 26 नवंबर को लखनऊ में बड़ी जनसभा आयोजित करने की भी घोषणा की है. इसके साथ ही चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों को भी इस मोर्चे में शामिल होने का न्योता दिया है. ऐसे में आने वाले दिनों में विपक्षी दलों के बीच नए राजनीतिक संवाद और गठबंधन की संभावनाओं पर भी नजर रहेगी. 

चुनावी गणित से आगे संगठन की होगी असली परीक्षा

राजनीतिक जानकारों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मुस्लिम और दलित मतदाताओं के सामाजिक समीकरण को एक मजबूत चुनावी गठबंधन में बदला जा सकेगा? केवल दो बड़े चेहरों का साथ आना चुनावी सफलता की गारंटी नहीं है. इसके लिए बूथ स्तर पर संगठन, स्थानीय नेतृत्व, उम्मीदवारों की विश्वसनीयता और क्षेत्रीय मुद्दों पर स्पष्ट रणनीति भी जरूरी होगी.

कुल मिलाकर, ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन उत्तर प्रदेश की 2027 की चुनावी राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ चुका है. इसका असर केवल सपा और बसपा तक सीमित रहेगा या भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों के चुनावी समीकरणों को भी प्रभावित करेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा. फिलहाल इतना तय है कि प्रदेश की राजनीति में अब मुकाबला केवल पुराने राजनीतिक समीकरणों तक सीमित नहीं रहने वाला है. नए मोर्चे के सामने अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने की चुनौती है, जबकि सपा और बसपा के सामने अपने पारंपरिक सामाजिक आधार को मजबूत बनाए रखने की कसौटी होगी.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal