पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत का मामला सुर्खियों में है. इस घटना ने राज्य की सियासत में भी हलचल बढ़ा दी है. जहां एक ओर एनकाउंटर को लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस की कार्रवाई का खुलकर समर्थन किया है. उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर कोई पुलिसकर्मियों पर हमला करता है, तो क्या पुलिस उन पर रसगुल्ले फेंकेगी?
दरअसल, रायगंज में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी दिलीप रॉय को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया. पुलिस कार्रवाई का बचाव करते हुए मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा कि पुलिस पर हमला किया गया था और उसने कानून के दायरे में रहते हुए जरूरी जवाब दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई पुलिसकर्मियों को मारने की कोशिश करेगा, तो क्या पुलिस को चुपचाप सब कुछ सहना चाहिए?
क्या है रायगंज एनकाउंटर का पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पुलिस को रायगंज के प्रसिद्ध कुलिक वन क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की का सड़ा-गला शव मिला था. लड़की पिछले तीन दिनों से लापता थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दिलीप रॉय को मुख्य आरोपी के रूप में चिह्नित किया था. इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रविवार रात गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया. इस दौरान आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए बिहार सीमा की ओर भागने की कोशिश की. पुलिस ने उसे घेर लिया तो उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
एनकाउंटर पर सीएम का सख्त रुख
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का बयान चर्चा में है. उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हुए कथित हमले का हवाला देते हुए कार्रवाई को जरूरी बताया. उनके 'क्या पुलिस रसगुल्ले फेंकेगी' वाले बयान को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार के सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है. वहीं, इस एनकाउंटर को लेकर उठ रहे सवालों और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बीच मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.










