PoliTalks News
बड़ी खबर

दिवाली के शोर में राहुल गांधी की चुनौती, PM मोदी को फिर ललकारा- 'बहस करें, देशद्रोही कौन?'

09 नवंबर 2026
साझा करें:
दिवाली के शोर में राहुल गांधी की चुनौती, PM मोदी को फिर ललकारा- 'बहस करें, देशद्रोही कौन?'

CRPF जवानों के साथ पीएम मोदी के दिवाली सेलिब्रेशन का वीडियो शेयर कर राहुल ने दी खुली बहस की चुनौती, बोले- मेरी चुनौती कायम..

दीपावली के पटाखों के शोर के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती दी है. राहुल ने पीएम मोदी के छत्तीसगढ़ के बस्तर में CRPF जवानों के साथ दिवाली मनाने के वीडियो को साझा करते हुए सवाल उठाया कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है? उन्होंने कहा कि उनकी बहस की चुनौती अब भी कायम है और प्रधानमंत्री किसी भी समय, किसी भी जगह उनसे बहस कर सकते हैं.

आठ दिन में छठी बार दी बहस की चुनौती

राहुल गांधी ने इस बार अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में सीधे CRPF जवानों को टैग किया. उन्होंने लिखा, 'प्रिय CRPF के जवानों, आपके चेहरों ने सब बता दिया- आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं. उन्होंने हमें नक्सली कहा. मेरी चुनौती कायम है. वो मुझसे बहस करें- देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है. कोई भी समय, किसी भी जगह.' राहुल ने आगे दावा किया कि बहस के बाद प्रधानमंत्री में किसी भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी. गौरतलब है कि पिछले आठ दिनों में यह छठी बार है, जब राहुल गांधी ने पीएम मोदी को सार्वजनिक बहस के लिए चुनौती दी है.

आखिर क्यों बहस चाहते हैं राहुल गांधी?

दरअसल, बीजेपी नेताओं की ओर से कांग्रेस नेताओं को कथित तौर पर 'दिमागी नक्सली' कहे जाने के बाद से राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती दे रहे हैं. हाल ही में राहुल ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बीजेपी पर विदेशी मदद से सत्ता हासिल करने का आरोप लगाया था. इसी मुद्दे पर उन्होंने 2 नवंबर को प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती दी थी. इसके बाद 3 से 9 नवंबर के बीच उन्होंने कई बार यह चुनौती दोहराई.

बीजेपी ने बहस से किया इनकार

राहुल गांधी की चुनौती पर बीजेपी ने स्पष्ट तौर पर बहस से इनकार किया है. पार्टी का तर्क है कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं, ऐसे में प्रधानमंत्री उनसे बहस क्यों करें? बीजेपी नेताओं का कहना है कि अगर राहुल गांधी को किसी मुद्दे पर चर्चा करनी है तो वे संसद में अपनी बात रख सकते हैं.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal