सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) लॉन्च होते हुए चर्चा में है. हारपर कॉलिन्स द्वारा प्रकाशित सोनिया गांधी की इस नई किताब में उनके इटली के बचपन से लेकर भारत आने और राजनीतिक सफर तक की कहानी है. अब इस किताब पर राजनीतिक गलियारे में जमकर बहस हो रही है. इस पुस्तक में इंदिरा गांधी, राजीव गांधी की मौत से लेकर प्रणव मुखर्जी के प्रधानमंत्री बनने की इच्छा तक के कई घटनाक्रम हैं, जिन्हें लेकर कांग्रेस एवं गठबंधन के नेता सोनिया गांधी की तारीफ कर रहे हैं. वहीं भारतीय जनता पार्टी और एनडीए से जुड़े संगठन सवाल भी उठा रहे हैं. बाबरी मस्जिद को लेकर बयानबाजी पहले से ही सुर्खियों में चल रही हैं. वहीं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद के साथ जदयू प्रमुख नीतीश कुमार के 'इंडिया' गठबंधन छोड़ने के खुलासे पर भी घमासान उठ खड़ा हुआ है.
सोनिया गांधी की किताब झूठ का पुलिंदा
भारत के पूर्व पीएम पी.वी. नरसिम्हा राव के पोते और बीजेपी (BJP) नेता एन.वी. सुभाष ने सोनिया की आत्मकथा पर निशाना साधा है. सुभाष ने सोनिया गांधी की किताब को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि उनके दादाजी पी.वी. नरसिम्हा राव के योगदान को नजरअंदाज किया गया है. सुभाष ने कहा, 'सोनिया गांधी, राजीव गांधी के राजनीति में आने के खिलाफ थीं, लेकिन अब वह अपने पोते-पोतियों को भी राजनीति में आगे बढ़ा रही हैं. उनकी किताब महज झूठ का पुलिंदा है. पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय पी.वी. नरसिम्हा राव के परिवार का सदस्य होने के नाते मुझे इस बात से कोई हैरानी नहीं है कि उन्होंने अपनी किताब में उनका ज़िक्र नहीं किया है.
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे हैरानी इसलिए भी नहीं है क्योंकि वह हर बार सारा श्रेय या तो राहुल गांधी को देना चाहती हैं या फिर मनमोहन सिंह को. कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती है, लेकिन इतने साल बीत चुके हैं. वह युवावस्था से वयस्क हुए और अब अधेड़ उम्र में पहुंच गए हैं. फिर भी आज तक वह एक सांसद या विपक्ष के नेता के तौर पर अपनी ज़िम्मेदारियां निभाने में असमर्थ रहे हैं. सोनिया गांधी हैरान क्यों हैं क्योंकि उन्हें प्रणब मुखर्जी, पी.वी. नरसिम्हा राव, सीताराम केसरी और कांग्रेस पार्टी के कई ऐसे दिग्गज नेताओं से चुनौती मिली है, जिन्होंने कांग्रेस पार्टी को एकजुट रखने के लिए शानदार काम किया है. प्रणब मुखर्जी ने कई मौकों पर अलग-अलग मुद्दों पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की चुप्पी को चुनौती दी है और इसी वजह से वह हैरान हुई.'
नीतीश पर JDU-कांग्रेस में आर-पार
सोनिया गांधी की किताब में नीतीश कुमार को लेकर किए गए दावों ने बिहार की सियासत में नया घमासान खड़ा कर दिया है. इस पर जनता दल (यूनाइटेड) और कांग्रेस के नेता खुलकर आमने-सामने आ गए हैं. जेडीयू ने जहां इसे वरिष्ठ नेताओं के प्रति व्यक्तिगत टिप्पणी करार दिया है. वहीं कांग्रेस ने अपने रुख का बचाव करते हुए नीतीश कुमार के गठबंधन छोड़ने के हालातों पर सवाल उठाए हैं.
सोनिया गांधी के अनुसार, 'नीतीश कुमार पहले से ही गठबंधन से बाहर निकलने का बहाना तलाश रहे थे और वह कथित तौर पर बीजेपी के प्रभाव में थे. लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उनका गठबंधन की बैठक से अचानक उठकर चले जाना कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं, बल्कि पहले से तय कदम था.' किताब के आने के बाद इसी हिस्से पर बिहार की राजनीति गर्मा गई है.
इन टिप्पणियों पर जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर एक ऐसी संस्कृति विकसित हो रही है जहां वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ व्यक्तिगत और निचले स्तर की टिप्पणियां की जाती हैं. लोगों को यह नहीं भूलना चाहिए कि नीतीश कुमार ने ही 'INDIA' गठबंधन की नींव रखी थी. उन्होंने पूरे देश का दौरा कर विपक्षी नेताओं के बीच भरोसा कायम किया और पटना में पहली बैठक आयोजित की. उन्हें किन परिस्थितियों ने गठबंधन छोड़ने पर मजबूर किया, यह भी सामने आना चाहिए.
जदयू के इन बयानों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने कहा कि नीतीश कुमार गठबंधन से बाहर निकलने के मौके की तलाश में थे. आखिर नीतीश ने गठबंधन क्यों छोड़ा? जेडीयू के नेताओं को पूरी सच्चाई बतानी चाहिए. बिहार और देश की जनता जानती है कि नीतीश कुमार किस दबाव में थे और बार-बार पाला बदलने के लिए वे क्यों जाने जाते हैं.
खैर, सोनिया गांधी की किताब के पन्ने जैसे-जैसे खुलेंगे, वैसे-वैसे कई राजनीतिक मुद्दों पर नई बहस और सियासी तकरार देखने को मिल सकती है. फिलहाल, किताब के सामने आए अंशों ने ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में इसके और कौन-कौन से खुलासे सियासी बहस को नई दिशा देते हैं.













