PoliTalks News
बड़ी खबर

गहलोत और डोटासरा पर बरसे मदन राठौड़, बोले- 'गैस-पेट्रोल संकट पर नाटकबाजी बंद करे विपक्ष'

19 मई 2026
साझा करें:
गहलोत और डोटासरा पर बरसे मदन राठौड़, बोले- 'गैस-पेट्रोल संकट पर नाटकबाजी बंद करे विपक्ष'

मदन राठौड़ ने गहलोत और डोटासरा को दिखाया आईना! पानी से लेकर पेट्रोल संकट तक कांग्रेस को दिया करारा जवाब!

Rajasthan: राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थान में जल संकट और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष पर तीखा पलटवार किया है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर सीधा निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा कि वे तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन अपने गृह जिले जोधपुर सहित प्रदेश में स्थायी जल व्यवस्था सुनिश्चित करने में नाकाम रहे. यह सोचने का विषय है कि इतने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस सरकार ने समुचित बुनियादी ढांचा विकसित नहीं किया. राठौड़ ने दावा किया कि वर्तमान भाजपा सरकार जल संकट के समाधान के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है और हर घर तक जल पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है.


जोधपुर और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति का जिक्र करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्वीकार किया कि ग्रामीण इलाकों में कुछ समस्याएं सामने आई हैं, लेकिन जोधपुर शहर में आपूर्ति सुचारु है. इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि भाखड़ा बांध से क्लोजर आने के कारण पिछले दिनों कुछ समय के लिए पानी की परेशानी उत्पन्न हुई थी, जिसे अब धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है. इसके साथ ही कांग्रेस द्वारा भाजपा कार्यालय के घेराव की चेतावनी पर मदन राठौड़ ने तंज कसा. उन्होंने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा का नाम लिए बिना कहा कि कांग्रेस नेताओं को घेराव करने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए. जिन घटनाओं को लेकर विपक्ष आरोप लगा रहा है, उनका भाजपा से कोई संबंध नहीं है, बल्कि यह सब कांग्रेस से जुड़े लोगों का ही किया धरा है.


वही देश में गहराते गैस और तेल संकट के मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए मदन राठौड़ ने इसे केवल राजनीति और नाटकबाजी करार दिया है. मदन राठौड़ ने कहा कि विपक्ष अच्छी तरह जानता है कि वर्तमान में गल्फ (खाड़ी) देशों में भारी तनाव और युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे तेल उत्पादन केंद्रों को नुकसान पहुंच रहा है. इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देशहित में प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है. उन्होंने दावा किया कि हार्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) मार्ग से आज भी भारतीय पोत पूरी तरह सुरक्षित आ-जा रहे हैं. विपक्ष को इस वैश्विक संकट पर बेवजह भ्रम फैलाने के बजाय केंद्र सरकार के कूटनीतिक प्रयासों की सराहना करनी चाहिए.


गैस-पेट्रोल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई अपीलों का बचाव करते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि पीएम ने केवल मितव्ययिता अपनाने और अनावश्यक खर्च से बचने की सलाह दी है. एक परिवार के मुखिया की तरह वाहन शेयर (Car-Pooling) करने जैसी अपील समाज और राष्ट्र के हित में है, इसमें कुछ भी गलत नहीं है. राजनीतिक बयानों से इतर, राठौड़ ने इस भीषण गर्मी के मौसम में सामाजिक सरोकार पर भी जोर दिया. उन्होंने विशेष परिस्थितियों के बावजूद पक्षियों के लिए परिंडा लगाने वाली भाजपा कार्यकर्ता रेना के जज्बे की सराहना की और प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे गर्मी को देखते हुए अपने-अपने घरों और आसपास पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था और परिंडे जरूर लगाएं.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal