PoliTalks News
बड़ी खबर

NEET Paper Leak: 'परीक्षा पे चर्चा करने वाले अब कहां गायब हैं..'

17 मई 2026
साझा करें:
NEET Paper Leak: 'परीक्षा पे चर्चा करने वाले अब कहां गायब हैं..'

मेडिकल प्रवेश परीक्षा के पेपर लीक की घटना पर सियासत गर्म, केंद्र सरकार विपक्ष के निशाने पर, आरएसएस तक भी पहुंची आंच, पीएम मोदी भी घिरे

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से आयोजित नीट परीक्षा को लेकर देश भर में भारी आक्रोश है. नीट पेपर लीक मामले पर केंद्र की मोदी सरकार भी पूरी तरह से विपक्ष के निशाने पर है. पेपर लीक के चलते परीक्षा को कैंसिल कर दिया गया है. वहीं कई आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है. इधर, केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की जा रही है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की है. वहीं कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खडगे ने बीजेपी और आरएसएस सहित पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला.


छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कब रुकेगा - राहुल गांधी


राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए पूछा है कि देश में बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं और देश के लाखों होनहार छात्रों के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ कब रुकेगा? उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले पर कड़ा एक्शन लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत उनके पद से बर्खास्त करने की मांग की है.

आरएसएस ने छात्रों का भविष्य बर्बाद किया - खडगे


इसी बीच, कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे ने पेपर लीक होने के बाद बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों संगठनों ने मिलकर छात्रों का भविष्य सिस्टमेटिक तरीके से बर्बाद किया है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा दे देना चाहिए.


प्रियांक खरगे ने आगे कहा कि छात्रों के भविष्य को पैसों के लिए बेचा जा रहा है. अगर बीजेपी में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो धर्मेंद्र प्रधान को मंत्रिमंडल से हटाया जाना चाहिए या उन्हें खुद इस्तीफा दे देना चाहिए. उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जो पीएम हमेशा परीक्षा पे चर्चा की बात करते हैं, वो गायब हैं. उन्हें अब NEET विवाद पर भी छात्रों से बात करनी चाहिए.


सरकार के ध्यान ईडी-सीबीआई पर - सांसद मसूद


प्रदेश से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले साल भी नीट का पेपर लीक हुआ था और इस साल भी वही कहानी दोहराई गई. आखिर इस सरकार की नैतिकता कहां चली गई है? उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार का ध्यान केवल विपक्ष के खिलाफ ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल करने में है, जबकि देश के करोड़ों छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है.


बता दें कि देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) के पेपर लीक होने और उसके बाद परीक्षा रद्द करने के फैसले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस गंभीर मुद्दे पर अब सियासत बहुत गर्म हो गई है. मामले की जांच कर रही सीबीआई ने रविवार को मुख्य आरोपी मनीषा गुरुनाथ मंधारे को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया. जांच एजेंसी ने पूछताछ और नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए कोर्ट से आरोपी की 14 दिनों की हिरासत मांगी है.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal