समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने आज शायराना अंदाज में अपना भाषण दिया जिसकी सियासी गलियारों में जमकर चर्चा हो रही है. आजम खान ने आज लखनऊ में समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र जारी कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान आजम खान ने पार्टी सुप्रीमों अखिलेश यादव सहित अन्य वरिष्ठ पार्टी नेताओं की मौजूदगी में शायराना अंदाज में अपने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा. आजम खान ने अपने भाषण में उनके द्वारा जेल में बिताए वक्त, बेटे और पत्नी की गिरफ्तारी और रामपुर की सियासत का भी जिक्र किया. आजम खान ने इस दौरान शायरान अंदाज में कहा, "हम मरेंगे तो, लेकिन कुछ करके ही मरेंगे." तन्हाई और परिवार से जुड़े मुश्किल दौर ने उनके दिल और दिमाग पर गहरा असर डाला है.
आजम खान ने कहा कि उन्हें हर धारा में अधिकतम सजा दी गई. उन्होंने कहा, "हमें मुर्गी चोरी नहीं, बल्कि डकैती की सजा दी गई. हमें मुर्गी चोरी की साजिश में गिरफ्तार किया गया." अब हमदर्दी का वक्त नहीं रहा, क्योंकि वे इससे भी ज्यादा गम झेल चुके हैं. जेल में अपने बेटे से बातचीत का जिक्र करते हुए आजम खान ने कहा कि वह उससे कहते थे कि छह महीने के लिए अखिलेश यादव भी जेल आ जाएं, ताकि उन्हें समझ आए कि वहां दिन और रात कैसे गुजरते हैं. मैं दुआ करता हूं कि समाजवादी पार्टी का यह घोषणापत्र सबकी तरक्की का हो, क्योंकि लोग बहुत डरे हुए हैं.
आजम खान ने आगे जेल के दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्हें और उनके एमटेक कर रहे बेटे को अलग-अलग खड़ा कर दिया गया था. उन्हें खतरा था कि एक को एक तरफ गोली मारी जाएगी तो दूसरे को दूसरी तरफ. दोनों को अलग-अलग गाड़ियों में ले जाया गया. आजम खान ने कहा, "मैंने अपने बेटे से कहा कि पता नहीं हम कब मिलेंगे. अगर मिलेंगे तो यहां मिलेंगे, वरना वहां मिलेंगे." उन्होंने बताया कि जेल में उनका बेटा उनसे पूछता था कि क्या वे कभी बाहर निकल पाएंगे. आजम खान ने कहा, "हम जेल में हर रात मौत की दुआ करके सोते थे. हमारी मौत बहुत सस्ती थी, जिंदगी बहुत खौफनाक." आजम खान ने आगे कहा कि 'हम बहता हुआ दर्द का समुद्र हैं दोस्तो, गंदा नाला नहीं है.'
आजम खान ने कहा कि तन्हाई में जेल काटना उतना मुश्किल नहीं है, जितनी बड़ी सजा यह है कि एक बेगुनाह बेटे को उसके पिता के साथ जेल के कैदखाने में डाल दिया जाए. उन्होंने कहा कि इस तरह का अत्याचार तो अंग्रेजों ने भी नहीं किया और ऐसा जुल्म भगत सिंह के साथ भी नहीं हुआ. अपनी पत्नी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "मेरी पत्नी को घसीट कर ले गए." आजम खान ने कहा कि हम इंसानों के दिल बांटते हैं, हम वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं. आजम खान ने आगे कहा कि जब वह जेल से निकल रहे थे, तब उन्होंने कुछ कहा था, लेकिन 15 मिनट के अंदर ही ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. उस वक्त वह सोचते थे कि उनका दिल क्यों नहीं फट गया और उनका जिगर क्यों नहीं फट गया. उन्होंने एक और घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार रात 3:30 बजे जेल ट्रांसफर करने का फरमान आया था.
आजम खान ने रामपुर में निकले एक जुलूस का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने देखा था कि रौनक भाई कुरैशी का जुलूस घोड़े और खच्चर पर निकल रहा था. उन्होंने कहा कि एक और जुलूस निकला था, लेकिन उसमें हारने वाला व्यक्ति शामिल था. बाद में उन्हें पता चला कि अहमद भाई ने यह जुलूस इसलिए निकाला था, क्योंकि वह उन्हें हराने के लिए खड़े हुए थे. आजम खान ने कहा कि ऐसे लोगों को न इस दुनिया में और न उस दुनिया में कहीं जगह मिलेगी. आजम खान ने अपने बेटे और पत्नी की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए कहा, "हम बहुत सख्त जान साबित हुए हैं. हम मरेंगे तो, लेकिन कुछ बड़ा जरूर करेंगे." उन्होंने कहा, "रास्ते तो तय होते हैं, लेकिन मंजिल तय नहीं होती. लोग घाटे का सौदा नहीं करते, लेकिन हम उन कुछ बेवकूफ लोगों में से हैं." आजम खान ने कहा कि "एक आधा जिंदा आदमी आप सबके सामने खड़ा है. मुझसे कहीं कोई गलती हो जाए तो आप मुझे माफ कर देंगे, क्योंकि इस तन्हाई ने मेरे दिल और दिमाग को बहुत प्रभावित किया है." उन्होंने कहा कि जिस तरह से चीजें हुईं, उसके बाद तो उन्हें मर जाना चाहिए था. आजम खान ने कहा कि उन्होंने समाजवादी पार्टी परिवार में अपने जीवन के 50 साल बिताए हैं.













