PoliTalks News
बड़ी खबर

मसले गौंण, राजनीति फुल ऑन: अकाली-बीजेपी के साथ आने से 'आप' खतरे में, कांग्रेस की राह भी कठिन!

24 नवंबर 2026
साझा करें:
मसले गौंण, राजनीति फुल ऑन: अकाली-बीजेपी के साथ आने से 'आप' खतरे में, कांग्रेस की राह भी कठिन!

पुराने साथी फिर आ रहे हैं साथ, अकाली-बीजेपी गठजोड़ से पंजाब में बदलेगा सियासी गणित, आप और कांग्रेस के सामने गठबंधन की नई चुनौती

Punjab Politics: साल 2020, कोविड का कठिन दौर लेकिन दिल्ली बॉर्डर पर किसानों का जबरदस्त आंदोलन एवं चक्काजाम. वजह- केंद्र सरकार के कृषि कानूनों का विरोध. ऐसे में अकाली दल ने अपने आपको किसानों का सच्चा हमदर्द बताते हुए एनडीए से गठबंधन तोड़ लिया. इसी चलते केंद्र में मिले मंत्री पद को भी त्याग करना पड़ा. 2022 में चुनाव अकेले लड़ा लेकिन मुंह की खानी पड़ी. 10 साल सत्ता में रहने के बाद (2007-2017) भी अकाली दल केवल 3 सीटों पर सिमट गई. आम आदमी पार्टी ने बीजेपी और अकाली की 'एकला चालो' नीति और कांग्रेस के सत्ता नैरेटिव का फायदा उठा ऐसा चुनाव लड़ा कि 117 में से 92 सीटें हासिल कर मुकाबले को पूरी तरह से एक तरफा कर लिया.

1957 के बाद से इतना बड़ा बहुत पंजाब में अभी तक कोई संगठन या गठबंधन नहीं जुटा पाया है. हालांकि उस वक्त राज्य में 154 सीटों पर चुनाव हुए थे. तब कांग्रेस ने 120 सीटों पर विजयश्री हासिल की थी. अब सत्ता वापसी की लालसा बीजेपी और कांग्रेस को 6 साल बाद फिर एक साथ ले आई है. हालांकि इससे आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की जीत की राह कठिन होते दिख रही है.

बीते दशक से बीजेपी की स्थिति नाजुक

हालांकि पंजाब में बीजेपी का इतना वर्चस्व नहीं है. कोई लोकल चेहरा न होने का बीजेपी को नुकसान हुआ है. अमरिंदर सिंह (पूर्व सीएम, कांग्रेस) को पार्टी में ज्यादा तवैज्जो न देना भी बीजेपी के लिए नुकसान देय ही रहा. फिर भी 10 साल पहले तक बीजेपी की​ स्थिति प्रदेश में ठीक ठाक रही. 2007 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी को 19 और 2012 में 12 सीटें मिली. इससे पहले भी 1997 में पार्टी को 18 सीटें मिली थी और तीना ही बार बीजेपी ने अकाली के साथ मिलकर गठबंधन सरकार चलाई. 2017 में संयुक्त चुनाव लड़ने के बावजूद बीजेपी महज तीन सीटों पर सिमट गई, जबकि अकाली को 15 सीटों पर संतोष करना पड़ा. आम आदमी पार्टी 20 सीटों के साथ विधानसभा में प्रमुख विपक्षी दल बन बैठा.

'अकेला चालो' नीति अकाली पर भारी

साल 2022 के विस चुनावों में अकेले लड़ने का नुकसान बीजेपी और अकाली दल दोनों को हुआ. आप की आंधी में अकाली को तीन, जबकि बीजेपी को दो सीटों पर विजयश्री हासिल हुई. कांग्रेस के खाते में 18 सीटें जमा हुई. 2024 के लोकसभा चुनावों में भी दोनों पार्टियों को खामियाजा भुगतना पड़ा. अकाली को 13 के मुकाबले केवल एक सीट हासिल हुई जबकि बीजेपी की झोली खाली रही. चूंकि किसानों की केंद्र से नाराजगी थोड़ी कम हुई है और कांग्रेस पंजाब में उतनी मजबूत नहीं रही है, ऐसे में अकाली एवं बीजेपी गठबंधन को निश्चित तौर पर फायदा पहुंचने की संभावना है. 

फिर बड़े भाई की भूमिका में अकाली

गठबंधन का ऐलान करते हुए बीजेपी ने स्पष्ट किया है कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली बड़े भाई की भूमिका में ही रहेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 साल बाद अकाली का एनडीए में स्वागत किया. इसके अतिरिक्त, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने खुलासा किया कि अगर सरकार बनती है तो मुख्यमंत्री चेहरा अकाली दल से ही रहने वाला है. 

इधर, दोनों दलों के साथ आते ही AAP नेताओं ने बीजेपी और अकाली दल के पुराने गठबंधन पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है. आप नेता मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि इसी गठबंधन के शासनकाल में पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ा था, एक पूरी पीढ़ी प्रभावित हुई और गैंगस्टरवाद को बढ़ावा मिला. वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे गठजोड़ नहीं बल्कि 'ठगजोड़' बताया. अब इंतजार इस बात का है कि अकाली और बीजेपी का ये गठबंधन पंजाब में केंद्र की नाराजगी के बीच पुराने इतिहास को दोहरा भी पाता है या फिर नहीं.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal