PoliTalks News
बड़ी खबर

जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की अपनों ने ही डुबोई लुटिया, BJP को मिले 81 अतिरिक्त वोट

26 नवंबर 2026
साझा करें:
जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की अपनों ने ही डुबोई लुटिया, BJP को मिले 81 अतिरिक्त वोट

राजस्थान के जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की अंदरूनी कलह और क्रॉस वोटिंग उजागर हुई. कई जिलों में सदस्य संख्या से कम वोट मिले, जबकि बीजेपी ने 81 अतिरिक्त वोट हासिल कर अपनी रणनीतिक ताकत दिखाई.

Rajasthan: राजस्थान के जिला प्रमुख चुनावों में कांग्रेस को करारी चुनौती का सामना करना पड़ा है और पार्टी की अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है. चुनाव में कांग्रेस को विपक्षी बीजेपी से ज्यादा अपने ही नेताओं और निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों की बेरुखी ने नुकसान पहुंचाया. पार्टी के पास कई जिलों में जिला परिषद सदस्यों की संख्या अधिक होने के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी उतने वोट हासिल नहीं कर सके. वही चुनाव परिणामों ने कांग्रेस की एकजुटता के दावों की पोल खोल दी और पार्टी के भीतर आपसी खींचतान और मनमुटाव की स्थिति उजागर कर दी.

वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने जिला प्रमुख चुनावों में बेहतर चुनावी प्रबंधन और संगठनात्मक रणनीति का परिचय दिया है. बीजेपी ने केवल अपने निर्वाचित सदस्यों के भरोसे चुनाव नहीं लड़ा, बल्कि अन्य सदस्यों का समर्थन जुटाने और मतदान तक बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया. इसका असर चुनाव परिणामों में साफ नजर आया. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, बीजेपी को अपने निर्वाचित सदस्यों की संख्या से कुल 81 अतिरिक्त वोट मिले, जो पार्टी की रणनीति और समर्थन जुटाने की क्षमता को दर्शाते हैं.

इसके उलट कांग्रेस के कई जिलों में अपने ही सदस्य पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करते नजर नहीं आए. डीग में कांग्रेस के 14 जिला परिषद सदस्य होने के बावजूद प्रत्याशी को केवल 7 वोट मिले. बीकानेर में 30 सदस्यों के मुकाबले 23, धौलपुर में 21 के मुकाबले 15, भरतपुर और चूरू में 21-21 सदस्यों के मुकाबले केवल 17-17 वोट मिले. इसी तरह सीकर में 36 के मुकाबले 33, अलवर में 33 के मुकाबले 31 और उदयपुर में 22 सदस्यों के मुकाबले कांग्रेस प्रत्याशी को 20 वोट ही मिल सके.

वही इसके अलावा प्रतापगढ़ में 11 सदस्यों के मुकाबले 10, अजमेर में 12 के मुकाबले 11, झुंझुनूं में 29 के मुकाबले 28 और बूंदी में 21 सदस्यों के मुकाबले कांग्रेस प्रत्याशी को 20 वोट मिले. इन आंकड़ों ने कांग्रेस के भीतर क्रॉस वोटिंग और आपसी असहमति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.  सवाल यह है कि जब पार्टी के पास निर्वाचित सदस्यों का संख्या बल मौजूद था, तो आखिर वह वोटों में तब्दील क्यों नहीं हो पाया? जिला प्रमुख चुनावों के नतीजों ने साफ कर दिया कि बीजेपी ने जहां रणनीति और संगठन के दम पर बढ़त बनाई, वहीं कांग्रेस अपने ही सदस्यों को एकजुट रखने में नाकाम नजर आई.


Rajasthan Politics, Zila Pramukh Election, Rajasthan Congress, BJP Rajasthan, Cross Voting, District Council Election, Rajasthan News

  • राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव

  • जिला प्रमुख चुनाव परिणाम

  • कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग

  • राजस्थान कांग्रेस की अंदरूनी कलह

  • बीजेपी को 81 अतिरिक्त वोट

  • राजस्थान बीजेपी

  • कांग्रेस जिला परिषद सदस्य

  • Rajasthan Zila Pramukh Election

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal