PoliTalks News
बड़ी खबर

डिप्टी सीएम को संतों की फटकार का हनुमान बेनीवाल ने किया समर्थन, बोले- सामने आया भाजपा का असली चेहरा

08 मई 2026
साझा करें:
डिप्टी सीएम को संतों की फटकार का हनुमान बेनीवाल ने किया समर्थन, बोले- सामने आया भाजपा का असली चेहरा

Hanuman Beniwal I Rajasthan I RLP 

Rajasthan: राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और सांसद हनुमान बेनीवाल ने जयपुर जिले की मौजमाबाद तहसील स्थित भैराणा धाम में चल रहे संत आंदोलन को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. बेनीवाल ने कल बोराज में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान संतों द्वारा राजस्थान के उप-मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाने की घटना का समर्थन करते हुए कहा कि यह भाजपा के असली चेहरे को उजागर करता है. सांसद बेनीवाल ने आरोप लगाया कि जो पार्टी सनातन के नाम पर वोट लेकर सत्ता में आई है, उसी के राज में आज साधु-संतों का कोई सम्मान नहीं रह गया है.

सांसद हनुमान बेनीवाल ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि संतों द्वारा डिप्टी सीएम को लताड़ा जाना केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि यह पूरे संत समाज के सम्मान और सनातन आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है,  उन्होंने मुख्यमंत्री और पार्टी के अन्य दिग्गज नेताओं की चुप्पी पर हैरानी जताते हुए पूछा कि जब संत समाज अपमानित महसूस कर रहा है, तो सरकार के बड़े मंत्री और नेता मौन क्यों हैं? उन्होंने सीधे तौर पर भाजपा से जवाब मांगा कि क्या उनके लिए 'सनातन' केवल एक चुनावी नारा है, जिसका उपयोग सिर्फ वोट बटोरने के लिए किया जाता है.

सांसद बेनीवाल ने आगे चेतावनी भरे लहजे में कहा कि संत समाज का अपमान राजस्थान की जनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले भाजपा के ही एक विधायक, जो स्वयं संत हैं, उन्होंने भी आंदोलित संतों की भावनाओं को ठेस पहुँचाई थी. बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान की जनता अब भाजपा की इस 'दोगली नीति' पर स्पष्ट जवाब चाहती है और राजनीति से ऊपर उठकर संतों के सम्मान की रक्षा की मांग कर रही है. उनके इस बयान ने प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal