PoliTalks News
बड़ी खबर

'कॉकरोच' को हस्तियों एवं दिग्गज नेताओं का साथ, फिर भी नहीं सुनी जा रही उनकी बात!

15 जुलाई 2026
साझा करें:
'कॉकरोच' को हस्तियों एवं दिग्गज नेताओं का साथ, फिर भी नहीं सुनी जा रही उनकी बात!

बीते 17 दिनों से अपनी मांग को लेकर सीजेपी की ओर से सोनम वांगचुक अनशन पर, तबीयत बिगड़ती जा रही लेकिन हौसला कम नहीं हो रहा, अब बॉलीवुड से लेकर राजनेता तक समर्थन में उतरे

Sonam Wangchuk Hunger Strike: नीट पेपर लीक और परीक्षाओं में गड़बड़ी के मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर किया जा रहा अनशन तेज हो चला है. केंद्र सरकार की ओर से किसी तरह की कोई बातचीत के संकेत अभी तक नहीं मिल पाए हैं. वहीं पर्यावरण प्रेमी सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का आज 18वां दिन है. वांगचुक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 28 जून से अनशन कर रहे हैं. अब उनकी तबीयत दिन ब दिन बिगड़ रही है. इधर वांगचुक को जानी मानी हस्तियों एवं दिग्गज नेताओं का समर्थन भी मिल रहा है. सभी ने सोनम से अनशन खत्म करने की अपील की है. इसके बावजूद वांगचुक पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. वांगचुक को लेकर सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने सरकार पर आरोप जड़े हैं.

वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव, शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, एक्टर नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, राइटर अरुंधति रॉय समेत कई प्रमुख हस्तियों ने सोनम से अनशन खत्म करने की अपील की है.

सोनम के अनशन पर समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव का कहना है, 'जिस भाजपा सरकार को वह अपने आमरण अनशन से जगाने की कोशिश कर रहे हैं, वह सिद्धांतहीन और भ्रष्ट व्यवस्था बन चुकी है. इतनी निर्मम सरकार के लिए किसी का भी बलिदान मायने नहीं रखता.'

वहीं दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'मैं 16 जुलाई शाम 5 बजे जंतर-मंतर जाकर सोनम वांगचुक और CJP के प्रदर्शनकारियों से मुलाकात करूंगा और अपना समर्थन दूंगा.'

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दीपके से फोन पर बात कर सोनम से भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि हम, शिवसेना की ओर से सोनम वांगचुक और अभिजीत दीपके के आंदोलन को सपोर्ट देते हैं. 

तृणमूल कांग्रेस पार्टी की नेता महुआ मोइत्रा ने वांगचुक से अनशन बंद कर अपनी लड़ाई जारी रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि आपके उपवास ने युवाओं को एकजुट कर दिया है. सरकार को आपके या करोड़ों युवाओं के जीवन की परवाह नहीं है. आपका जीवन हमारे लिए मायने रखता है.

इधर, फिल्म अभिनेत्री जीनत अमान का कहना है कि मैं भारत सरकार से बातचीत शुरू करने की अपील करती हूं. हमें ऐसा समाज नहीं बनना चाहिए, जो चुपचाप बैठकर अपने सबसे अच्छे दिमागों में से एक को बलिदान होते देखता रहे.

वहीं '3 इडियट्स' में चतुर रामलिंगम का किरदार निभा चुके ओमी वैद्य ने भी सोनम से अनशन खत्म करने की अपील की.

एक्टर अभय देओल और एक्ट्रेस श्रेया धनवंतरी भी सोनम वांगचुक के समर्थन में सामने आए हैं. अभय देओल ने सोशल मीडिया पर टूटे हुए दिल (ब्रोकन हार्ट) की इमोजी के साथ सोनम वांगचुक की तस्वीर शेयर की. इससे पहले एक्टर प्रकाश राज जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन में शामिल हुए थे. 

अब देखना ये होगा कि बिगड़ती तबीयत के बीच सोनम वांगचुक अपना अनशन समाप्त करते हैं या फिर सरकार की ओर से किसी प्रतिनिधि को बात करने के लिए भेजा जाता है या फिर कॉकरोच की मांग पूरी होती है. देखना रोचक रहेगा.

PoliTalks News - Authoritative News Portal