Rajasthan Politics: राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ भरतपुर के रुदावल तहसील के गांव खेड़ा ठाकुर का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने सिलिकोसिस बीमारी से पीड़ित श्रमिकों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना. कांग्रेस नेता जूली ने पाया कि बड़ी संख्या में लोग इस गंभीर बीमारी की चपेट में हैं, लेकिन उन्हें शासन और प्रशासन की ओर से कोई अपेक्षित सहयोग या संबल नहीं मिल पा रहा है. इसके साथ ही उन्होंने पीड़ितों को विश्वास दिलाया कि कांग्रेस पार्टी पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके हक की लड़ाई लड़ेगी.
सरकार पर उपेक्षा के आरोप, मुख्यमंत्री के गृह जिले पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष जूली ने भजनलाल सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यमंत्री के अपने गृह जिले भरतपुर में ही लोग सरकारी उपेक्षा का शिकार हैं. उन्होंने कहा कि सरकार को स्वयं यहां आकर पीड़ितों की स्थिति समझनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहा है, जबकि सरकार पूरी तरह नदारद नजर आ रही है.
यह भी पढ़े: 'बहरूपिया' वाले बयान पर पायलट का पलटवार, राधा मोहन दास को दिया ये जवाब
विधवाओं और पीड़ित परिवारों ने सुनाई दर्दभरी कहानी
दौरे के दौरान स्थानीय महिलाओं और विधवाओं ने अपनी समस्याएं साझा करते हुए बताया कि उन्हें पिछले कई महीनों से पेंशन नहीं मिल रही है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. इसके अलावा पालनहार योजना की राशि भी लंबे समय से उनके खातों में नहीं आई है. इस दौरान कई मार्मिक दृश्य देखने को मिले, जब पीड़ितों ने अपनी व्यथा नेताओं के सामने रखी. जूली ने इसे प्रशासनिक विफलता बताते हुए सरकार से तुरंत बकाया भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की.
कांग्रेस सरकार के कार्यों का किया उल्लेख
कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हमेशा सिलिकोसिस पीड़ितों के लिए संवेदनशील नीतियां बनाई हैं. उन्होंने बताया कि 2013 में पहली बार सिलिकोसिस नीति लागू कर मुआवजा शुरू किया गया था, जिसे 2019 में बढ़ाकर और मजबूत किया गया. कांग्रेस शासन में मरीजों को पेंशन, पालनहार योजना का लाभ और मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया गया, साथ ही करीब 35 हजार मरीजों को 911 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई.
सरकार को चेतावनी, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार से मांग की कि वह सिलिकोसिस पीड़ितों के लिए बनी नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करे और यह सुनिश्चित करे कि सहायता राशि समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचे. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विधवाओं की पेंशन और पालनहार योजना का पैसा जल्द जारी नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी.
Rajasthan I Ashok Gehlot I Tikaram Jully I Bhajanlal sharma I Bharatpur I












