PoliTalks News
बड़ी खबर

बंगाल में परिणाम से पहले सियासी पारा हाई: सत्ता, साख और सियासत का अंतिम मुकाबला

01 मई 2026
साझा करें:
बंगाल में परिणाम से पहले सियासी पारा हाई: सत्ता, साख और सियासत का अंतिम मुकाबला

पश्चिम बंगाल के नतीजे ममता बनर्जी को देश में विपक्ष का सबसे बड़ा नेता बना देंगे या फिर बीजेपी लिखेगी पूरब में नई राजनीतिक पटकथा?

Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में मतदान समाप्त हो चुका है और अब सबकी निगाहें 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं. हालांकि, परिणाम से पहले आए एग्जिट पोल ने सियासी माहौल को पहले ही गर्म कर दिया है. इस बार बंगाल चुनाव केवल एक राज्य का चुनाव नहीं रह गया, बल्कि इसकी गूंज राष्ट्रीय राजनीति तक सुनाई दे रही है.


इस बढ़ती दिलचस्पी की एक बड़ी वजह हैं चुनावी मैदान में मौजूद बड़े चेहरे. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जिन्होंने पहले भी भारतीय जनता पार्टी की मजबूत चुनावी चुनौती का सामना किया है, इस बार अपने शासन के प्रदर्शन पर सीधे जनमत परीक्षण का सामना कर रही हैं. ऐसे में यह चुनाव उनके राजनीतिक भविष्य के लिए भी बेहद अहम माना जा रहा है.


42 लोकसभा सीटों वाला पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय राजनीति की दिशा तय करने की क्षमता रखता है. यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी के लिए इस राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. अब तक 'कमल' के पूर्ण खिलाव से दूर रहा बंगाल, इस बार बीजेपी के लिए सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती और अवसर दोनों बना हुआ है.


दूसरी ओर, सत्ता विरोधी लहर भले ही मुखर न हो, लेकिन इसका प्रभाव गहरा माना जा रहा है. सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पार्टी को भी इसका आभास है. यही वजह है कि पार्टी ने रणनीतिक बदलाव करते हुए अपने करीब 40 प्रतिशत विधायकों के टिकट काट दिए हैं. 294 सदस्यीय विधानसभा में फिलहाल 224 सीटों पर काबिज टीएमसी ने 74 मौजूदा विधायकों को पूरी तरह बाहर कर दिया, जबकि 15 को दूसरी सीटों पर स्थानांतरित किया गया.


यह भी पढ़े: पांच राज्यों के एग्जिट पोल ने चौंकाया, क्या नतीजे भी करेंगे बड़ा उलटफेर?


इन सबके बीच ममता बनर्जी पूरे आत्मविश्वास और आक्रामक तेवर के साथ मैदान में उतरी हैं. उन्होंने इस चुनाव को 'दिल्ली बनाम बंगाल' की लड़ाई के रूप में पेश कर क्षेत्रीय अस्मिता और राज्य के गौरव को प्रमुख मुद्दा बनाया है. उनका यह बयान '19 राज्य और केंद्र सरकार मेरे खिलाफ हैं', इस चुनावी नैरेटिव को और धार देता है.


हालांकि मुकाबला आसान नहीं है. पिछले चुनावों की तुलना में इस बार टक्कर और भी कड़ी मानी जा रही है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह चुनाव बेहद करीबी रह सकता है, जहां छोटे-छोटे फैक्टर भी परिणाम तय करने में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं.


लेकिन दांव केवल बंगाल तक सीमित नहीं है. इसके परिणाम राष्ट्रीय राजनीति पर भी गहरा असर डाल सकते हैं. यदि ममता बनर्जी लगातार चौथी बार जीत दर्ज करती हैं, तो वे राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष की अग्रिम पंक्ति में और मजबूत होकर उभरेंगी.

वहीं, अगर बीजेपी बंगाल में बड़ी सफलता हासिल करती है, तो यह देश की राजनीतिक दिशा में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है. ऐसे में यह चुनाव हाल के वर्षों के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक मुकाबलों में से एक बन चुका है.