Ashok Gehlot Big statement: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पार्टी के भीतर गुटबाजी की खबरों को पूरी तरह से खारिज करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भजनलाल सरकार पर तीखा हमला बोला है. अशोक गहलोत ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस राजस्थान समेत पूरे देश में पूरी तरह एकजुट है और जो लोग बार-बार एकजुटता पर सवाल उठा रहे हैं, उनके दावों में कोई दम नहीं है. उन्होंने कहा कि विपक्ष को हमारी पार्टी की चिंता छोड़कर अपनी स्थिति देखनी चाहिए.
'भाजपा में गुटबाजी की बातें बहुत, पर हम नहीं बोलते'
भाजपा पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस कभी दूसरों के आंतरिक फैसलों पर राजनीति नहीं करती. वही गहलोत ने हालिया राज्यसभा चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि हमने कभी आरोप नहीं लगाया कि भाजपा ने राजेंद्र राठौड़ को टिकट क्यों नहीं दिया? हमारे पास भाजपा के बारे में कहने के लिए बहुत सी बातें हो सकती हैं, लेकिन हम संयम रखते हैं, इसके विपरीत, भाजपा के नेता लगातार हमारी पार्टी को लेकर अनर्गल बयानबाजी करते रहते हैं.
चुनाव टालने पर घेरा, कहा— बर्खास्त होने लायक है सरकार
वही मीडिया से बात करते हुए अशोक गहलोत ने पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में हो रही देरी को लेकर राज्य सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव हारने के डर से घबराई हुई है, इसलिए हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद चुनाव टाल रही है. गहलोत ने सख्त लहजे में कहा कि यह सरकार पूरी तरह संविधान की धज्जियां उड़ा रही है. केंद्र में इनकी सरकार है, वरना यह तो बर्खास्त होने लायक सरकार है, राज्यपाल को इसकी रिपोर्ट राष्ट्रपति को भेजनी चाहिए. उन्होंने 1998 का अपना उदाहरण देते हुए कहा कि तब कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद कोर्ट के आदेश पर उनकी सरकार ने समय पर चुनाव कराए थे.
'मुख्यमंत्री भजनलाल को गंभीरता से लेना छोड़ दें लोग'
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के माउंट आबू में दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री की बातों को अब गंभीरता से नहीं लेना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि खुद भाजपा के लोग और मंत्री ही सरकार की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट हैं. गहलोत ने कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के उस बयान का भी हवाला दिया जिसमें उन्होंने एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) पर दबाव में काम करने का आरोप लगाया था. गहलोत ने सवाल उठाया कि जब एसीबी सीधे मुख्यमंत्री के अधीन है, तो उनके ही मंत्री किस पर आरोप लगा रहे हैं?
मीडिया को फेस करने की दी सलाह
वही अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल पर मीडिया से दूरी बनाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा ने आज तक मीडिया के सवालों का खुलकर जवाब नहीं दिया है. वे केवल एकतरफा बयान देकर निकल जाते हैं. पूर्व मुख्यमंत्री ने सलाह देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को पत्रकारों के सवालों का सामना करना चाहिए, क्योंकि इससे सरकार को ही जमीनी हकीकत का पता चलता है और फायदा होता है, लेकिन यह भाजपा की फितरत में शामिल नहीं है.
Ashok Gehlot I Sachin Pilot I Bhajanlal Sharma I Rajasthan












