Rajasthan Politics: भरतपुर, धौलपुर और डीग जिले के जाट समाज को केंद्र में ओबीसी (OBC) आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर सोमवार, 22 जून को भरतपुर के नुमाइश मैदान में एक विशाल 'हुंकार रैली' का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में शामिल होने की घोषणा करते हुए नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने जयपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने दावा किया कि इस ऐतिहासिक रैली में दो लाख से अधिक लोग जुटेंगे, जो केंद्र सरकार के सामने अपने हक की आवाज बुलंद करेंगे। सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों से रिकॉर्ड संख्या में भरतपुर पहुंचने का आह्वान किया गया है।
सांसद हनुमान बेनीवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आरक्षण जाट समाज का संवैधानिक अधिकार है और इस लड़ाई में पूरे राजस्थान का जाट समाज इन तीन जिलों के भाइयों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर सौतेले व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि सिर्फ राजस्थान ही नहीं, बल्कि हरियाणा और पंजाब सहित कई राज्यों के जाट लंबे समय से केंद्र में ओबीसी आरक्षण के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे पर आंखें मूंदे बैठी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन जिलों के जाटों को उनका हक दिलाने के लिए पुरजोर पैरवी की जाएगी।
इसके साथ ही सांसद बेनीवाल ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और चरमराई स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर राज्य सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। भाजपा पर वादाखिलाफ़ी का आरोप लगाते हुए सांसद ने कहा कि चुनाव से पहले पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के पुनर्गठन और पेपर लीक मामलों की जांच सीबीआई (CBI) से कराने का वादा किया था, लेकिन सत्ता मिलते ही वे इसे भूल गए। उन्होंने तंज कसा कि पूर्ववर्ती गहलोत सरकार ने जिस व्यक्ति को आरपीएससी सदस्य बनाना अपनी बड़ी भूल बताया था, भाजपा ने सत्ता में आते ही उसे कार्यवाहक अध्यक्ष बना दि
या.











