यूथ कांग्रेस ने केन्द्र सरकार और बीजेपी के खिलाफ खोला मोर्चा, कांग्रेस नेताओं ने मोदी सरकार को बताया तानाशाह, कहा- शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार, सरकार की कार्रवाई सच को दबाने की कोशिश, देश को गिरवी रखने वालों के खिलाफ करेंगे संघर्ष
राजधानी जयपुर में आज यूथ कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. विधायक अभिमन्यु पूनिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे. इस दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार और बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कांग्रेस नेताओं ने यूथ कांग्रेस नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई का विरोध जताया है. कांग्रेस ने लोकतंत्र पर प्रहार बताया है और कहा है कि मोदी सरकार तानाशाही कर रही है.
आईना दिखाना अपराध नहीं- कांग्रेस
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने X पर पोस्ट कर कहा कि शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है. युवा कांग्रेस के साथियों ने सत्ता के खिलाफ निडर होकर देशहित में आवाज उठाई है. अमेरिका के साथ हुए व्यापारिक समझौते में हमारे किसानों, टेक्सटाइल उद्योग और डेटा सुरक्षा के हितों से समझौता किया गया है. गहलोत ने कहा कि जब भाजपा विपक्ष में थी, तब कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान उन्होंने भी प्रदर्शन किए थे, पर आज वही सत्ता सच को दबाने के लिए तानाशाही और कायरता का परिचय दे रही है. युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य साथियों की गिरफ्तारी इसका प्रमाण है. हम अपने साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं. सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, बल्कि सच्ची देशभक्ति है.
ये भी पढ़े : स्टॉक मार्केट में 6 लाख करोड़ डूबे, सेंसेक्स-निफ्टी 50 धड़ाम !
गहलोत ने X पर संदेश देते हुए लिखा ‘डरो मत – सच और संविधान हमारे साथ हैं’. अशोक गहलोत ने याद दिलाया कि जब भाजपा विपक्ष में थी, तब कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान उन्होंने भी प्रदर्शन किए थे, पर आज वही सत्ता सच को दबाने के लिए तानाशाही और कायरता का परिचय दे रही है.
वहीं, PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए केन्द्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया है. डोटासरा ने कहा कि मोदी सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस की गई कार्रवाई लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है. मोदी सरकार को यह याद रखना चाहिए कि संविधान ने नागरिकों को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार दिया है. विरोध और असहमति को अपराध बताकर लोकतंत्र को कमजोर करने वाली सत्ता तानाशाही का परिचय दे रही है. जनता की आवाज को जितना दबाया जाएगा, वह उतनी ही बुलंद होकर उठेगी. कांग्रेस का कार्यकर्ता डरेगा नहीं, पूरी ताकत के साथ लड़ेगा.
डरेगी नहीं कांग्रेस- खरगे
वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई कांग्रेस नेताओं ने X पर ऐसे ही पोस्ट कर मोदी सरकार पर हमला किया है. खरगे ने लिखा कि युवा आज नौकरी के लिए तड़प रहे हैं और देश का माहौल इतना खराब हो चुका है, उसके कारण PM मोदी के प्रति लोगों में भारी रोष है. ट्रंप के सामने उन्होंने घुटने टेक दिए. नाक रगड़कर उनकी सारे शर्तों को मान लिया, जिससे पूरा देश शर्मिंदा हो गया. जो काम हमारे किसानों की भलाई और मदद के लिए किया जाना चाहिए था, उसकी बजाय किसानों का नुकसान करने की बातचीत की गई. इससे यह भी साफ़ हो गया कि लोग समझते थे कि मोदी जी देश के हित में ट्रंप से बात कर रहे हैं, लेकिन हकीकत में ट्रंप हमें गुलाम बना रहा है और हमें बंधुआ मजदूर बनाने की दिशा में धकेला जा रहा है.
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस डरने वाली नहीं है. मोदी साहब खुद डरपोक हैं. डर के कारण वे संसद में आकर अपनी नीतियों का बचाव भी नहीं कर पाते. इसलिए वे हमें डराने की कोशिश कर रहे हैं, हमारे युवाओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं, हमारे देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जो भी त्याग करना पड़ेगा, हम करेंगे. हम लड़ते रहेंगे और देश को गिरवी रखने वाले लोगों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे.
आपको बता दें कि दिल्ली में हाल ही में आयोजित AI समिट में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सोमवार को युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर दिल्ली की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उदय भानु चिब को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. वहीं इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सियासत तेज हो गई है. भाजपा ने जहां युवा कांग्रेस के इस कृत्य को विश्व के सामने देश की बदनामी करने वाला बताया है, वहीं कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के बचाव में उतर आई है. वहीं इससे पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राहुल गांधी के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन कर जोरदार विरोध किया था।










