‘चाणक्य भी कुटिलता देखकर चौंक जाते..’ प्रियंका गांधी के तंज पर खूब हंसे अमित शाह

महिला आरक्षण चर्चा के बीच राजनीतिक नोकझोंक ने खींचा ध्यान, सदन में महिला आरक्षण बहस के बीच प्रियंका का तीखा वार, शाह की मुस्कान पर गूंजे ठहाके

लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय हल्का लेकिन तीखा हो गया, जब कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने देश के गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए उनकी राजनीति को ‘कुटिल’ बताया. प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि यदि आज ‘चाणक्य’ जीवित होते, तो अमित शाह की राजनीतिक रणनीतियों और कुटिलता को देखकर वे भी चौंक जाते. उनके इस बयान के बाद सदन में हलचल बढ़ गई. खास बात यह रही कि इस दौरान अमित शाह मुस्कुराते नजर आए, जिस पर प्रियंका ने तुरंत टिप्पणी करते हुए कहा, ‘गृह मंत्री जी हंस रहे हैं’. इसके साथ ही सदन में ठहाके गूंज उठे.

यह टिप्पणी सिर्फ एक तंज भर नहीं थी, बल्कि इसके जरिए प्रियंका गांधी ने मौजूदा राजनीतिक रणनीतियों और सत्ता के तौर-तरीकों पर सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे को केवल महिला सशक्तिकरण के नजरिए से नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ और भविष्य की रणनीति के तौर पर भी देख रही है.

यह भी पढ़ें: ‘यह हक’यह हक है, एहसान नहीं..’ महिला आरक्षण बिल पर पीएम मोदी ने लगाई लताड़

अपने भाषण में उन्होंने परिसीमन के मुद्दे को भी जोड़ते हुए कहा कि यह पूरी बहस केवल महिला आरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे व्यापक राजनीतिक गणित छिपा हुआ है. उन्होंने संकेत दिया कि सत्ता को बनाए रखने के लिए सरकार दूरगामी योजनाएं बना रही है, जिसमें परिसीमन भी एक अहम कड़ी हो सकता है.

प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि राजनीति में रणनीति और चतुराई अपनी जगह है, लेकिन देशहित में सही फैसले लेना उससे कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है. उन्होंने केंद्र सरकार पर अंतरराष्ट्रीय दबाव का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि इसी दबाव के चलते महिला आरक्षण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है.

इस पूरे घटनाक्रम ने सदन के माहौल को एक तरफ हल्का बना दिया, तो दूसरी तरफ महिला आरक्षण जैसे गंभीर विषय पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को भी तेज कर दिया. चर्चा के दौरान जहां एक ओर विधेयक को लेकर समर्थन और उम्मीदें नजर आईं, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक मंशाओं को लेकर सवाल भी खुलकर सामने आए.