पश्चिम बंगाल का रण: इन चार सीटों पर ‘दीदी’ की राह में कांटे, बीजेपी देगी कड़ी टक्कर

पिछली बार बेहद कम अंतर से जीती थी बीजेपी, 57 वोट तक सिमटा मुकाबला, इस बार और भी दिलचस्प होगी जंग

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही सियासी पारा चढ़ने लगा है. तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों ही दलों ने अधिकांश सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है और प्रचार अभियान भी तेज हो गया है. इन सबके बीच चार ऐसी सीटें हैं जहां मुकाबला बेहद दिलचस्प रहने वाला है. पिछले चुनाव में इन सीटों पर जीत-हार का अंतर बेहद कम रहा था, जिससे इस बार भी कड़ी टक्कर की संभावना जताई जा रही है. इनमें से 1 सीट पर बीजेपी महज 57 वोटों के अंतर से जीती थी.

आइए जानते हैं ऐसी ही चार सीटों के बारे में जिन पर इस बार भी कड़ी टक्कर की संभावना है.

यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव: हिंन्दुओं के अस्तित्व की अंतिम लड़ाई या सियासी ध्रुवीकरण?

दिनहाटा सीट
इस सीट पर पिछली बार मुकाबला बेहद कांटे का रहा था. बीजेपी ने महज 57 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी. इस बार बीजेपी ने अजय रॉय को मैदान में उतारा है, जबकि टीएमसी ने उदयन गुहा पर भरोसा जताया है. पिछले चुनाव की बात करें तो दिनहाटा सीट से बीजेपी के नीतिश प्रमाणिक ने जीत दर्ज की थी. उन्होंने टीएमसी के उदयन गुहा को महज 57 वोटों के अंतर से हराया था.

बलरामपुर सीट
यहां पिछले चुनाव में बीजेपी ने 423 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी. इस बार बीजेपी ने जलधर महतो को टिकट दिया है, जबकि टीएमसी ने शांतिराम महतो को उम्मीदवार बनाया है. 2021 के विधानसभा चुनाव में बलरामपुर सीट से बीजेपी के बानेश्वर महतो ने जीत दर्ज की थी. उन्होंने टीएमसी के शांतिराम महतो को हराया था.

यह भी पढ़ें: भवानीपुर बना कुरुक्षेत्र! ‘दीदी’ की साख vs सुवेंदु की धाक-कौन पड़ेगा किसपर भारी?

कुल्टी सीट
कुल्टी सीट पर पिछली बार 679 वोटों के अंतर से जीत मिली थी. इस बार बीजेपी ने अजय कुमार पोद्दार को मैदान में उतारा है, जबकि टीएमसी ने अभिजीत घाटक को टिकट दिया है. पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के अजय कुमार पोद्दार ने टीएमसी के उजाल चटर्जी को धूल चटाई थी.

घाटल सीट
घाटल सीट पर 966 वोटों के अंतर से बीजेपी को जीत मिली थी. इस बार बीजेपी ने शीतल कपाट को उम्मीदवार बनाया है, जबकि टीएमसी ने श्यामली सरदार को मौका दिया है. पिछली बार बीजेपी के शीतल कपाट ने जीत दर्ज की थी. उन्होंने टीएमसी के शंकर दोलाई को महज 966 वोटों के अंतर से हराया था.

पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल 2026 को होगा जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल 2026 को कराया जाएगा. इसके बाद 4 मई 2026 को मतगणना की जाएगी. विधानसभा चुनाव 2021 में तृणमूल कांग्रेस ने 213 सीटें जीती थीं, जबकि मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी को 77 सीटों से ही संतोष करना पड़ा था.