PoliTalks News
बड़ी खबर

डेगाना में गरजे टीकाराम जूली, पंचायत चुनाव से पहले सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

01 अक्टूबर 2026
साझा करें:
डेगाना में गरजे टीकाराम जूली, पंचायत चुनाव से पहले सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

पंचायत चुनाव से पहले राजस्थान की सियासत गरमा गई है. टीकाराम जूली ने संभावित उम्मीदवारों की सूची जुटाने को लेकर सरकार पर सवाल उठाए, डेगाना में जूली ने चुनावी तैयारियों और सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल को लेकर लगाए आरोप

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने गुरुवार को नागौर के डेगाना में आयोजित पंचायतीराज कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया. टीकाराम जूली ने तेजाजी महाराज के जयकारों के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की, जिसके बाद पूरा प्रांगण जयकारों से गूंज उठा. कांग्रेस नेता जूली ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज उठाने के लिए मैदान में उतरे हैं और चुप बैठने वालों में से नहीं हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी और आने वाले समय में कांग्रेस सत्ता में लौटेगी, जिसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को कुर्सी छोड़नी पड़ेगी.

निकाय चुनाव के बाद भाजपा पर लगाए आरोप

नेता प्रतिपक्ष जूली ने हाल के नगर निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा खुद को शहरों में मजबूत मानती थी, लेकिन पिछले चुनावों की तुलना में उसे कम वोट मिले हैं, जो जनता के भाजपा से मोहभंग का संकेत है. वही जूली ने भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों को पकड़ने के बजाय कांग्रेस के पार्षदों को पकड़ने में लगी रही और सरकारी विभागों का इस्तेमाल कांग्रेस प्रत्याशियों को परेशान करने के लिए किया गया. जूली ने दावा किया कि पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा में डर का माहौल है और मुख्यमंत्री कार्यालय से जिला कलेक्टरों को फोन कर चुनाव लड़ने वाले संभावित प्रत्याशियों की सूची मांगी जा रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव लड़ने वालों के नाम पहले से जानने की सरकार को क्या जरूरत है और इसे सरकारी तंत्र के दुरुपयोग की आशंका बताया.

मदन राठौड़ के बयान पर जूली का पलटवार

नेता प्रतिपक्ष जूली ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने प्रत्याशियों की सूची मांगे जाने की बात को खारिज करते हुए कांग्रेस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया था. जूली ने कहा कि उन्होंने और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस संबंध में पत्र को प्रमाण के साथ सोशल मीडिया पर साझा किया है. उन्होंने मदन राठौड़ से इस प्रमाण पर जवाब देने को कहा और आरोप लगाया कि भाजपा पंचायत चुनावों को लेकर घबराई हुई है तथा उसे जनता के फैसले का डर सता रहा है. वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधते हुए जूली ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने गृह जिले भरतपुर में जिला प्रमुख का उपचुनाव तीन साल तक नहीं करवा पाए, ऐसे में सरकार संविधान और लोकतंत्र की दुहाई किस आधार पर देती है.

सरकार के कामकाज पर भी उठाए सवाल

इसके साथ ही कांग्रेस नेता जूली ने प्रदेश में बिजली, पानी, पेंशन, पालनहार योजना, छात्रवृत्ति और किसानों से जुड़े मुद्दों को भी उठाया. उन्होंने कहा कि लोगों को समय पर पेंशन नहीं मिल रही, पालनहार योजना के लाभार्थी परेशान हैं, विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति अटकी हुई है और किसानों की फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीद को लेकर समस्याएं बनी हुई हैं. उनके अनुसार किसानों को पर्याप्त बिजली, खाद और सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है. गांवों में बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि शाम होते ही बिजली काट दी जाती है और आम लोगों के बिजली बिल बढ़ने के बावजूद आपूर्ति ठीक नहीं है। जूली ने किसानों से सवाल किया कि कांग्रेस सरकार के समय बिजली के बिल कम आते थे या भाजपा सरकार के समय और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए.

 SIR को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना

नेता प्रतिपक्ष जूली ने आगे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में किए गए बदलाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जिस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, उस पर अब चुनाव आयोग ने SIR के फ्रेम नंबर 6 में किए गए बदलाव को वापस ले लिया है और इसे जनता तथा लोकतंत्र की आवाज की जीत बताया। सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. दोनों नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत चुनावों में पूरी ताकत के साथ जुटने और भाजपा सरकार की नीतियों व कथित विफलताओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया.


Rajasthan Panchayat Election 2026, Tikaram Jully, Tikaram Jully News, Rajasthan Panchayat Chunav, Panchayati Raj Election Rajasthan, Potential Candidates List, Rajasthan Congress, Rajasthan BJP, Bhajanlal Sharma, Govind Singh Dotasra, Madan Rathore

वीडियो

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal