Rajasthan Politics: राजस्थान में अलवर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों से जुड़े विवाद को लेकर सियासत गरमा गई है. कैबिनेट मंत्री संजय शर्मा के अपनी ही सरकार के अधिकारियों के खिलाफ धरने पर बैठने को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस नेता जूली ने कहा कि राजस्थान का यह दुर्भाग्य है कि जिस बात को कांग्रेस लंबे समय से कहती आ रही थी, उसकी हकीकत अब अलवर में सबके सामने आ गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आगे बढ़ने के बजाय हालात पीछे जा रहे हैं और पूरे राजस्थान में अफसरशाही हावी है, जहां नेताओं और मंत्रियों तक की बात नहीं सुनी जा रही.
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि अलवर से आने वाले मंत्री संजय शर्मा ने खुद बताया है कि उन्होंने नगर निगम आयुक्त, जिला कलेक्टर, डीएलबी, संबंधित मंत्री, सीएमओ और सरकार के अन्य स्तरों पर अपनी बात पहुंचाई, लेकिन इसके बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल से कोर्ट के आदेश के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है और आखिरकार सरकार के एक मंत्री को खुद धरने पर बैठना पड़ा. वही टीकाराम जूली ने दावा किया कि भाजपा सरकार के विधायक और मंत्री पहले भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके हैं, लेकिन अब तो खुद कैबिनेट का हिस्सा रहे मंत्री को सड़क पर बैठकर विरोध करना पड़ रहा है.
टीकाराम जूली ने आगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिस अधिकारी के खिलाफ मंत्री संजय शर्मा धरने पर बैठे हैं, उसे मुख्यमंत्री ने खुद अपने गृह जिले में लेकर आए हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'यहां सरकार नहीं, सर्कस चल रहा है'. जूली ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले पर जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि जब सरकार में मंत्रियों की ही नहीं सुनी जा रही है, तो जनता अपनी फरियाद लेकर कहां जाएगी. उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी अलवर आ रहे हैं और उन्हें भी यहां की जमीनी हकीकत देखनी चाहिए. साथ ही अलवर से आने वाले केंद्रीय मंत्रियों को भी देखना चाहिए कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों बन गई है कि अपनी ही सरकार के मंत्रियों को धरने पर बैठना पड़ रहा है.
टीकाराम जूली, संजय शर्मा धरना, अलवर नगर निगम विवाद, अलवर सफाई कर्मचारी विवाद, राजस्थान राजनीति, राजस्थान भाजपा सरकार, टीकाराम जूली बयान, संजय शर्मा बयान, भजनलाल शर्मा, Tikaram Jully, Sanjay Sharma, Alwar, Bhajanlal Sharma













