Rajasthan: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने आज जयपुर में मीडिया से रूबरू होते हुए केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की भजनलाल सरकार पर तीखा चौतरफा हमला बोला है. ईंधन की बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरते हुए सचिन पायलट ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है. इसके साथ ही पायलट ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं और देशवासियों को 'बचत' करने की नसीहत देने पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े भाषण देने वाली सरकार का एकमात्र एजेंडा सिर्फ चुनाव जीतना और विपक्ष को प्रताड़ित करना रह गया है. ईंधन के दाम बढ़ने से चौतरफा महंगाई बढ़ रही है, लेकिन सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है.
लगातार तीसरे साल (2024, 2025 और 2026 में) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) पेपर लीक मामले पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि NTA अब 'नेशनल ट्रॉमा एजेंसी' बन चुकी है. सच्ची पायलट ने बड़ा दावा किया कि यह पेपर लीक किसी छात्र ने नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये का निवेश करने वाले शिक्षा माफियाओं ने किया है, जिन्हें पकड़ने में सरकार नाकाम रही. उन्होंने आरोप लगाया कि जब चोरी पूरी तरह पकड़ी गई और बच्चों ने आवाज उठाई, तब जाकर मजबूरन पेपर कैंसिल किया गया. अब सरकार सिर्फ सीबीआई (CBI) जांच का लॉलीपॉप देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रही है, जबकि परीक्षा के तनाव में गरीब और दलित परिवारों के कई बच्चे आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा रहे हैं.
वही अमेरिकी विदेश मंत्री के जयपुर दौरे के बहाने सचिन पायलट ने देश की मौजूदा विदेश और आर्थिक नीति पर भी गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति हमेशा से संयमित और स्वाभिमानी रही है, लेकिन आज पहली बार ऐसा हो रहा है जब बाहरी देश हमें डिक्टेट कर रहे हैं कि हमें किससे तेल खरीदना है और किससे नहीं. पायलट ने कहा कि द्विपक्षीय संबंध हमेशा बराबरी के स्तर पर होने चाहिए. नई आर्थिक नीतियों के कारण देश के कपास और सोयाबीन उगाने वाले छोटे किसानों पर बड़ा संकट आने वाला है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि देश की रीढ़ यानी कृषि वर्ग की रक्षा नहीं की गई, तो ऐसी विदेश और आर्थिक नीतियों का कोई फायदा नहीं है.
इसके साथ ही टोंक विधायक सचिन पायलट ने राजस्थान में लंबे समय से अटके निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कोर्ट की बार-बार फटकार के बावजूद सरकार कभी गर्मी तो कभी रिपोर्ट न आने के बहाने बनाकर चुनाव टाल रही है. स्थानीय चुनाव न होने के कारण केंद्र से मिलने वाला हजारों करोड़ रुपये का बजट रुक गया है, जिससे राजस्थान की जनता का भारी नुकसान हो रहा है. पायलट ने दावा किया कि 'डबल इंजन' की सरकार चुनाव कराने से सिर्फ इसलिए डर रही है क्योंकि उन्हें अपनी हार का डर है. उन्होंने स्पष्ट किया कि महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस पार्टी राजस्थान समेत पूरे देश में एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करेगी.
Sachin Pilot I Rajasthan I Paper Leak I Rajasthan Congress I Panchayat Election I Rajasthan Panchayat chunav













