PoliTalks News
बड़ी खबर

पंजाब की सियासत में 'भज्जी बाउंसर': कहीं हरभजन की गुगली में उलझ न जाए आम आदमी पार्टी?

22 मई 2026
साझा करें:
पंजाब की सियासत में 'भज्जी बाउंसर': कहीं हरभजन की गुगली में उलझ न जाए आम आदमी पार्टी?

राज्यसभा सीटों की 'डील' के आरोपों से पंजाब की सियासत में मचा घमासान, क्या भज्जी के खुलासों से पंजाब में बदलेगा सियासी समीकरण?

Punjab Politics: पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बड़ा मोड़ तब आया, जब पूर्व क्रिकेटर एवं वर्तमान भारतीय जनतपा पार्टी के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने आम आदमी पार्टी पर राज्यसभा सीटों और कैबिनेट पदों के बंटवारे को लेकर गंभीर आरोप लगाए. हरभजन सिंह उन 7 सांसदों में शामिल रहे हैं, जो राघव चड्ढा के साथ आप छोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे. ‘भज्जी’ के नाम से मशहूर हरभजन सिंह ने पंजाब की Aam Aadmi Party सरकार पर राज्यसभा सीटें बेचने का आरोप लगाया. हरभजन ने यह भी दावा किया कि पंजाब में राजनीतिक लाभ के लिए कई फैसले किए गए और सही समय आने पर वह इन सौदों से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक करेंगे. उनके इस बयान ने पंजाब की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है.

दरअसल, आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने के बाद हरभजन सिंह को सोशल मीडिया पर लगातार आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. कई यूजर्स ने उन्हें 'गद्दार' कहकर निशाना बनाया और आरोप लगाया कि बीजेपी ने सांसदों को दल बदलने के लिए बड़ी रकम की पेशकश की. इन आरोपों के जवाब में हरभजन सिंह ने आप पार्टी पर राज्यसभा सीटों और कैबिनेट पदों के बंटवारे को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिक्रिया देते हुए हरभजन सिंह ने कहा, 'पंजाब में राज्यसभा सीटों को लेकर कई ऐसे फैसले हुए जिनकी सच्चाई अभी सामने नहीं आई है. कुछ सीटें बेची गईं और कई लोगों को राजनीतिक फायदे पहुंचाए गए. समय आने पर मैं बताऊंगा कि किसे क्या लाभ मिला और किसके कहने पर फैसले लिए गए.'

उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ मंत्री पद निजी हितों को ध्यान में रखकर दिए गए, जिससे पंजाब के हितों को नुकसान पहुंचा. हरभजन के अनुसार कुछ नेताओं ने अपने फायदे के लिए पूरे राज्य को लूट लिया. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब AAP समर्थक लगातार उनसे राज्यसभा सीट से इस्तीफा देने की मांग कर रहे हैं.

दल बदल और पैसे लेने के आरोपों पर जवाब देते हुए हरभजन ने कहा, 'मैंने किसी नेता के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं किया, जबकि मुझे लगातार निशाना बनाया गया.' उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब की जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है और उचित समय आने पर वह सभी तथ्यों को सार्वजनिक करेंगे.

भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल स्पिन गेंदबाजों में शुमार 'भज्जी' भले ही राजनीति में नए हों, लेकिन अब वह भी सियासी रणनीतियों के केंद्र में आ चुके हैं. ऐसे में देखने वाली बात होगी कि हरभजन की यह 'गुगली' आप आदमी पार्टी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए कितनी मुश्किलें खड़ी करती है.


https://x.com/harbhajan_singh/status/2057736221686972890?s=20


Harbhajan Singh I AAP I Arvind kejriwal I Raghav chadha I AAP Punjab I Punjab I Punjab Politics 

Screenshot - 2026-05-22T175254
Screenshot - 2026-05-22T175242

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal