Rajasthan: NEET-2026 पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गुरुवार को जयपुर की सड़कों पर एक विशाल और ऐतिहासिक विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया गया. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की घोर लापरवाही और भाजपा नेताओं की कथित मिलीभगत के खिलाफ कांग्रेस ने चौतरफा मोर्चा खोल दिया है. देश के 22 लाख छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ हुए इस क्रूर खिलवाड़ के खिलाफ हुए इस जनाक्रोश प्रदर्शन में राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अग्रिम मोर्चे पर रहकर युवाओं के हक में पुरजोर आवाज बुलंद की और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश भरा.
राजस्थान में मामले को दबा रही भाजपा सरकार - टीकाराम जूली
प्रदर्शन के दौरान मीडिया और भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए. उन्होंने कहा कि नीट के पेपर पिछले तीन वर्षों से लगातार लीक हो रहे हैं, जो देश के लाखों छात्रों के हितों पर कुठाराघात है. इसके साथ ही टीकाराम जूली ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि पेपर लीक की जानकारी सबसे पहले राजस्थान में ही आई थी और सबसे पहली कार्रवाई यहीं होनी चाहिए थी, लेकिन विडंबना देखिए कि भाजपा की प्रदेश सरकार ने मामले को दबाने का प्रयास किया और एक भी एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की. यह साफ दर्शाता है कि सरकार दोषियों को बचाने के लिए काम कर रही है.
'भाजपा पदाधिकारी ही मुख्य आरोपी, NTA को तुरंत भंग करो'
सरकार की नीयत पर सीधा हमला बोलते हुए टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक कांड में भाजपा का ही एक पदाधिकारी मुख्य आरोपी है, जिसे पूरी सरकार का संरक्षण मिल रहा है. लाखों युवाओं के सपनों के साथ हुए इस विश्वासघात पर आक्रोश जताते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पुरजोर तरीके से उठाई. इसके साथ ही उन्होंने देश की परीक्षा प्रणाली की शुचिता को तार-तार करने वाली संस्था 'नेशनल टेस्टिंग एजेंसी' (NTA) को तुरंत प्रभाव से भंग करने का कड़ा आह्वान किया.
राहुल गांधी की चेतावनी को नजरअंदाज करने का नतीजा
केंद्र सरकार की संवेदनहीनता को कटघरे में खड़ा करते हुए कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने याद दिलाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने साल 2024 में ही नीट परीक्षा की विसंगतियों और पेपर लीक का मुद्दा बेहद प्रमुखता से उठाया था. उन्होंने तब ही केंद्र सरकार को सचेत किया था, लेकिन सरकार ने अपने अड़ियल रवैये के कारण उसे पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया. आज पूरी की पूरी भाजपा अपनी विफलताओं को छिपाने में लगी हुई है और जिम्मेदार मंत्रियों के बयानों से ऐसा लगता है जैसे 22 लाख छात्रों का भविष्य खराब होना उनके लिए कोई बड़ी बात ही नहीं है. कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी.
Tikaram Jully I Rajasthan I Congress I Sachin Pilot I Govind Singh Dotasara I NEET I NEET Paper Leak I Paper Leak

















