PoliTalks News
बड़ी खबर

पंजाब में SAD-BJP गठबंधन न बन जाए कहीं बीजेपी के गले की फांस! जानिए क्या हैं चुनौतियां

28 नवंबर 2026
साझा करें:
पंजाब में SAD-BJP गठबंधन न बन जाए कहीं बीजेपी के गले की फांस! जानिए क्या हैं चुनौतियां

छह साल बाद अकाली दल से दोबारा हाथ मिलाकर बीजेपी ने चला बड़ा सियासी दांव, सुखबीर सिंह बादल को मुख्यमंत्री पद देने के संकेत से पार्टी के भीतर असंतोष की आशंका, सीट बंटवारे से लेकर वोट ट्रांसफर तक कई मोर्चों पर होगी परीक्षा.

पंजाब विधानसभा चुनाव-2027 से पहले शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच गठबंधन ने राज्य की सियासत में नए समीकरण पैदा कर दिए हैं. करीब छह साल की दूरी के बाद दोनों दलों ने फिर साथ आने का फैसला लिया है. वैसे तो इस गठबंधन को बीजेपी के लिए चुनावी लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, लेकिन इसके साथ कई चुनौतियां भी जुड़ी हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं की नाराजगी को संभाल पाएगी या फिर अकाली दल के साथ उसकी यह साझेदारी चुनाव से पहले ही उसके लिए मुश्किल खड़ी कर देगी?

'बड़े भाई' की भूमिका और बीजेपी में असंतोष की आशंका

गठबंधन के तहत शिरोमणि अकाली दल को 'बड़े भाई' की भूमिका और गठबंधन की सरकार बनने पर के पार्टी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल को मुख्यमंत्री पद मिलने की बात खुद केंद्र ने स्वीकारी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से भी इस व्यवस्था को लेकर संकेत दिए गए हैं. हालांकि, बीजेपी के लिए यह फैसला संगठनात्मक स्तर पर चुनौती बन सकता है.

दरअसल, पिछले छह वर्षों में बीजेपी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपना संगठन मजबूत करने में जुटी रही. पार्टी के कई नेता अकेले चुनाव लड़ने की रणनीति की पैरवी करते रहे. ऐसे में अब गठबंधन के तहत सीटें अकाली दल के खाते में जाने से उन क्षेत्रों के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में असंतोष पैदा होने की आशंका है, जहां बीजेपी लंबे समय से अपनी राजनीतिक जमीन तैयार कर रही थी.

सीटों का बंटवारा भी इस गठबंधन की एक बड़ी परीक्षा होगा. बीजेपी 40 सीटों की मांग कर सकती है, जबकि पुराने गठबंधन में उसे 23 सीटें मिली थीं. ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति बनाना आसान नहीं होगा.

आखिर क्यों खेला गया गठबंधन का दांव?

इस गठबंधन के पीछे सबसे बड़ा आधार चुनावी गणित माना जा रहा है. 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को पंजाब में 18.56 प्रतिशत और अकाली दल को 13.42 प्रतिशत वोट मिले थे. दोनों का संयुक्त वोट शेयर 31.98 प्रतिशत बैठता है, जो कांग्रेस के 26.30 प्रतिशत और आम आदमी पार्टी के 26.02 प्रतिशत से अधिक था. हालांकि, केवल वोट शेयर का जोड़ चुनावी जीत की गारंटी नहीं है. इसके लिए दोनों दलों के मतदाताओं का एक-दूसरे के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करना भी जरूरी होगा. गठबंधन के आंतरिक आकलन में करीब 50 से 58 सीटों पर मुकाबले की स्थिति मानी जा रही है, जबकि बहुमत के लिए 59 सीटों की जरूरत होगी.

बीजेपी की नजर विशेष रूप से शहरी और हिंदू बहुल क्षेत्रों पर है. लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, मोहाली, पठानकोट और पटियाला जैसे क्षेत्रों में पार्टी अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है. वहीं अकाली दल के पारंपरिक ग्रामीण और सिख मतदाता आधार को गठबंधन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

सुखबीर बादल को राजनीतिक राहत, विपक्ष ने उठाए सवाल

यह गठबंधन अकाली दल और सुखबीर सिंह बादल के लिए भी अहम माना जा रहा है. 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को केवल तीन और बीजेपी को दो सीटों पर जीत मिली थी. ऐसे में दोनों दलों के लिए 2027 का चुनाव अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने का अवसर होगा.

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन को लेकर बीजेपी और अकाली दल पर निशाना साधा है. कांग्रेस ने दोनों दलों के पिछले चुनावी प्रदर्शन पर तंज कसते हुए इसे 'जीरो प्लस जीरो' का समझौता बताया. वहीं अरविंद केजरीवाल ने किसान आंदोलन के दौरान हुई मौतों को लेकर सुखबीर बादल से जवाब मांगा.

किसान आंदोलन की नाराजगी भी बड़ी चुनौती

अकाली दल ने सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध में एनडीए से नाता तोड़ लिया था. किसान आंदोलन के दौरान पैदा हुई नाराजगी और ग्रामीण मतदाताओं के बीच बनी दूरी गठबंधन के लिए चुनौती बनी रह सकती है.

ऐसे में बीजेपी के सामने दोहरी जिम्मेदारी होगी. एक तरफ उसे अपने उन कार्यकर्ताओं और नेताओं को साथ लेकर चलना होगा, जो लंबे समय से पंजाब में पार्टी का संगठन खड़ा करने में जुटे हैं. दूसरी तरफ अकाली दल के पारंपरिक मतदाताओं तक भी अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता बनानी होगी.

कुल मिलाकर, SAD-BJP गठबंधन दोनों दलों के लिए चुनावी संभावनाओं का नया रास्ता खोल सकता है, लेकिन सीटों का बंटवारा, नेतृत्व का सवाल, किसान आंदोलन की विरासत और वोटों का एक-दूसरे के पक्ष में ट्रांसफर होना इसकी सफलता तय करने वाले प्रमुख कारक होंगे. अब समय ही बताएगा कि बीजेपी का यह सियासी दांव पंजाब में सत्ता की राह आसान करता है या पार्टी के लिए नई अंदरूनी चुनौतियां खड़ी करता है.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal