PoliTalks News
बड़ी खबर

'राजस्थान को मजबूत कप्तान की जरूरत, अफ़सरशाही से त्रस्त है जनता'- भैराणा महापंचायत से पहले बेनीवाल का बड़ा प्रहार!

25 मई 2026
साझा करें:
'राजस्थान को मजबूत कप्तान की जरूरत, अफ़सरशाही से त्रस्त है जनता'- भैराणा महापंचायत से पहले बेनीवाल का बड़ा प्रहार!

'गाय और संतों के नाम पर वोट लेने वाली BJP का दोगला चेहरा सामने आया'- 27 मई की महापंचायत से पहले भड़के हनुमान बेनीवाल

Rajasthan: राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोमवार को जयपुर में मीडिया से मुखातिब होते हुए गहमागहमी बढ़ा दी है. सांसद बेनीवाल ने आगामी 27 मई को जयपुर जिले के भैराणा धाम में होने वाली विशाल महापंचायत को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने साधु-संतों, प्रकृति और पर्यावरण की अनदेखी पर प्रदेश की भाजपा और कांग्रेस दोनों सरकारों को आड़े हाथों लिया. उन्होंने राजस्थान के उप-मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा पर बेहद संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि डिप्टी सीएम की जमीन रीको (RIKO) क्षेत्र के पास आई हुई है, इसलिए अपनी जमीन की कीमत बढ़ाने के लिए उन्होंने संतों के पावन स्थल को रीको औद्योगिक क्षेत्र के लिए आवंटित करवा दिया. बेनीवाल ने कहा कि इस निजी लाभ के चक्कर में पर्यावरण और प्रकृति के साथ बड़ा खिलवाड़ किया जा रहा है, जहाँ भीषण गर्मी के बावजूद आंदोलित संतों के प्रति भाजपा सरकार संवेदनहीन बनी हुई है और कांग्रेस ने भी इस मुद्दे से दूरी बना ली है.

सांसद हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि 'पर्ची' से बने मुख्यमंत्री की सरकार को असल में ब्यूरोक्रेसी (अफसरशाही) चला रही है. सत्ता के संरक्षण में बजरी माफियाओं ने नदियों के अस्तित्व को पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है. उन्होंने रामगढ़ बांध, पर्यावरण और गोडावण को बचाने जैसे गंभीर मुद्दों को उठाते हुए कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध, नीट (NEET) सहित अन्य पेपर लीक और बढ़ते नशे के पीछे बड़े नेताओं और तस्करों का गठजोड़ है. भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए हनुमान बेनीवाल ने कहा कि जो भारतीय जनता पार्टी गाय और संतों के नाम पर वोट मांगती है, आज जब संतों के मान-सम्मान की बात आई तो वह पूरी तरह चुप है, जिससे भाजपा का दोगला चेहरा जनता के सामने आ गया है. उन्होंने साफ किया कि 27 मई को प्रदेशभर से लाखों लोग भैराणा पहुंचेंगे और इस महापंचायत में साधु-संतों के एजेंडे के अनुसार ही आरएलपी (RLP) आगे के संघर्ष का कदम उठाएगी.

आगामी चुनावों और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के लिए भाजपा की गलत नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए सांसद हनुमेन बेनीवाल ने जनता से आह्वान किया कि वे सोचें कि उनके हक के लिए असल में कौन लड़ रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि आरएलपी आगामी पंचायती राज और निकाय चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगी. इससे पहले बेनीवाल ने अपने जयपुर आवास पर अजमेर और जयपुर संभाग के पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की एक अहम बैठक ली, जिसमें अधिक से अधिक संख्या में लोगों को भैराणा लाने की रणनीति बनाई गई. इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ पूर्व संसदीय सचिव व आरएलपी नेता दिलीप चौधरी, मेड़ता की पूर्व विधायक इंदिरा देवी बावरी और खींवसर के पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

WhatsApp Image 2026-05-25 at 7
WhatsApp Image 2026-05-25 at 7

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal