Abhijeet Dipke On Mohan Bhagwat: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के संघ चालक मोहन भागवत के Gen-Z युवाओं और विरोध प्रदर्शनों को लेकर दिए गए बयान ने राजनीतिक बहस को नई दिशा दे दी है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भागवत के विचारों का स्वागत करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) से भी उसी सोच को अपनाने की अपील की.
दीपके ने कहा कि मोहन भागवत ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अपने अधिकारों की मांग करने या किसी मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने वाले युवाओं को 'राष्ट्रविरोधी' या 'देशविरोधी' कहना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि RSS प्रमुख ऐसा मानते हैं, तो यही संदेश भाजपा और केंद्र सरकार तक भी पहुंचना चाहिए.
उन्होंने कहा कि बीजेपी अक्सर आरएसएस के वैचारिक मार्गदर्शन की बात करती है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या पार्टी अपने सर्वोच्च वैचारिक नेतृत्व की इस सोच को व्यवहार में भी उतारेगी या नहीं. दीपके ने कहा कि यदि बीजेपी इस संदेश की अनदेखी करती है, तो यह केवल राजनीतिक सवाल नहीं होगा, बल्कि आरएसएस के प्रभाव पर भी प्रश्न खड़े करेगा.
दीपके ने आगे कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध को जगह मिलनी चाहिए. युवाओं की आवाज को दबाने या उन्हें देशविरोधी बताने के बजाय उनकी बात सुनना और संवाद के जरिए समाधान निकालना ही लोकतांत्रिक परंपरा की पहचान है.
दरअसल, मुंबई में आयोजित एक युवा कार्यक्रम में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था कि Gen-Z और Gen-Alpha की पीढ़ी पहले की तुलना में अधिक तर्कसंगत और ईमानदार है. उन्होंने कहा कि यदि युवा किसी मुद्दे पर प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें राष्ट्रविरोधी कहना गलत है, क्योंकि वही देश का भविष्य हैं. भागवत ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में विरोध-प्रदर्शन अपनी बात रखने का एक वैध और संवैधानिक माध्यम है तथा सरकारों को युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुनकर बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए.
भागवत के इस बयान के बाद अब विपक्ष और अन्य राजनीतिक दल इसे भाजपा की राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं. ऐसे में यह बहस केवल युवाओं के विरोध के अधिकार तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या भारतीय जनता पार्टी अपने वैचारिक स्रोत RSS प्रमुख की इस सार्वजनिक सलाह को राजनीतिक व्यवहार में भी अपनाएगी.
अभिजीत दीपके, मोहन भागवत, आरएसएस, बीजेपी, RSS प्रमुख, Mohan Bhagwat, Abhijeet Dipke, Gen-Z, विरोध प्रदर्शन, लोकतंत्र, BJP News, RSS News, Political News, India Politics, Hindi News, Latest Political News, RSS Chief Statement, BJP Latest News













