PoliTalks News
बड़ी खबर

गहलोत की बजट फाइल्स पर सियासी घमासान तेज, राठौड़ ने कांग्रेस के 5 साल के कामकाज पर उठाए सवाल

14 नवंबर 2026
साझा करें:
गहलोत की बजट फाइल्स पर सियासी घमासान तेज, राठौड़ ने कांग्रेस के 5 साल के कामकाज पर उठाए सवाल

जल जीवन मिशन पर गहलोत के सवालों का मदन राठौड़ ने दिया जवाब, कांग्रेस के 5 साल और भाजपा के 34 महीने का रिपोर्ट कार्ड किया पेश

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज जल जीवन मिशन को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधा. पूर्व सीएम गहलोत ने एक्स पर पोस्ट कर बजट फाइल्स मामला नंबर एक के शीर्षक से कांग्रेस सरकार के एक साल के कार्यकाल और मौजूदा भाजपा सरकार के द्वारा तीन साल में किए गए नल कनेक्शन के आंकडें पेश कर सवाल उठाए हैं. इस मामले को लेकर राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल और वर्तमान भाजपा सरकार के 34 माह के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल का रिकॉर्ड देखें. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने 34 माह में विकास और जनकल्याण के प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं. राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं की डिबेट की चुनौती पर कहा कि बहस करनी है तो आंकड़ों के आधार पर विधानसभा में करें. मीडिया के सामने भी सरकारों के कामकाज की तुलना तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए. कांग्रेस के 5 वर्ष के शासन और 34 माह के भाजपा शासन के विभागवार आंकड़े सार्वजनिक हैं.  कांग्रेस नेताओं को बताना चाहिए कि उन्होंने अपने पांच वर्षों में गांवों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और आमजन के लिए क्या ठोस काम किया है.


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा के पास विभागवार आंकड़े है, जो कांग्रेस के पांच वर्ष के कार्यकाल और भाजपा सरकार के 34 माह के कार्यकाल के बीच अंतर स्पष्ट करते हैं. राठौड़ ने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण के क्षेत्र में ही दोनों सरकारों के कामकाज की तुलना की जा सकती है. पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 52,182 हेक्टेयर सिंचाई सुविधा सृजित की, जबकि भाजपा की भजनलाल सरकार ने 34 माह में 1,42,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित की है. पाइपलाइन अनुदान योजना में कांग्रेस शासन के पांच वर्षों में 91,582 किसानों को लाभ मिला, जबकि वर्तमान सरकार के 34 माह में 98,753 किसानों को लाभान्वित किया गया है. खेत तलाई निर्माण में कांग्रेस ने पांच वर्ष में 29,430 कार्य करवाए, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 35 हजार 893 कार्य करवाए है.


मदन राठौड़ ने कहा कि फार्म पॉन्ड निर्माण के लिए कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में केवल 202 करोड़ रुपए का अनुदान दिया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 369 करोड़ रुपए का अनुदान दिया है. इसी प्रकार खेतों की तारबंदी में कांग्रेस ने पांच वर्ष में 113 लाख मीटर तारबंदी करवाई, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 445 लाख मीटर तारबंदी करवाई है. तारबंदी अनुदान में भी कांग्रेस के पांच वर्ष के 113 करोड़ रुपए की तुलना में वर्तमान सरकार ने 511 करोड़ रुपए खर्च किए हैं. राठौड़ ने कहा कि ड्रिप एवं मिनी स्प्रिंकलर संयंत्रों की स्थापना में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 1.83 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को कवर किया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 3.10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में यह सुविधा उपलब्ध करवाई है. इन संयंत्रों पर अनुदान के रूप में कांग्रेस ने 842 करोड़ रुपए दिए, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 1304 करोड़ रुपए का अनुदान दिया है. शेडनेट हाउस निर्माण में भी कांग्रेस के पांच वर्ष के 8.60 लाख वर्गमीटर की तुलना में वर्तमान सरकार ने 34 माह में 10.91 लाख वर्गमीटर का कार्य किया है. सौर ऊर्जा और कृषि उपकरणों के क्षेत्र में भी वर्तमान सरकार ने उल्लेखनीय प्रगति की है. सोलर पंप सेट की स्थापना कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 63,140 किए, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 67,408 सोलर पंप सेट की स्थापना कर दी है.


शिक्षा और आधारभूत संरचना में भी हुआ तेजी से विकास


मदन राठौड़ ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में स्कूली विद्यार्थियों को एक भी लैपटॉप या टेबलेट वितरित नहीं किया गया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 88,724 विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए है. महाविद्यालय भवन निर्माण में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 57 भवनों का निर्माण करवाया, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 229 भवनों का निर्माण करवाया है. पॉलिटेक्निक कॉलेजों की संख्या में कांग्रेस के पांच वर्ष के पांच कॉलेजों की तुलना में वर्तमान सरकार ने 34 माह में 21 कॉलेजों का कार्य किया. संस्कृत महाविद्यालयों के मामले में भी कांग्रेस के पांच वर्ष में तीन की तुलना में भाजपा सरकार ने 34 माह में 17 महाविद्यालयों का कार्य किया है.  प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नवीन स्वीकृतियों में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 77,950 स्वीकृतियां जारी कीं, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 1,25,000 नवीन स्वीकृतियां जारी की हैं. सड़क निर्माण के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 13,160 किलोमीटर नवीन सड़कें बनवाईं, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 18,917 किलोमीटर नवीन सड़कों का निर्माण करवाया है. गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ने के मामले में कांग्रेस ने पांच वर्ष में 1,104 गांव जोड़े, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 1,707 गांवों को जोड़ा है. मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण में भी कांग्रेस के पांच वर्ष के 6,614 किलोमीटर की तुलना में वर्तमान सरकार ने 34 माह में 10,030 किलोमीटर सड़कें बनाई हैं.


ऊर्जा, ग्रामीण विकास और जनकल्याण में भी आगे बढ़ा राजस्थान


मदन राठौड़ ने कहा कि बिजली उत्पादन क्षमता में वृद्धि के मामले में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 3,952 मेगावाट की वृद्धि की, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 10,920 मेगावाट की वृद्धि की है. सौर ऊर्जा के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 15,000 मेगावाट की क्षमता विकसित की, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 28,303 मेगावाट की क्षमता विकसित की है. चार सौ केवी के सब स्टेशन निर्माण में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में केवल एक सब स्टेशन बनाया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में दो सब स्टेशन बनाए है. जल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी वर्तमान सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं. जल स्वावलंबन अभियान के अंतर्गत कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 1,233 करोड़ रुपए खर्च किए, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 2,135 करोड़ रुपए खर्च किए हैं. 


जल जीवन मिशन पर कांग्रेस से मांगा जवाब


जल जीवन मिशन को लेकर कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर राठौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार से पर्याप्त सहयोग मिलने के बावजूद पूर्ववर्ती गहलोत सरकार अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाई. कांग्रेस शासनकाल में जल जीवन मिशन में अनियमितताओं के आरोप लगे और तत्कालीन मंत्री एवं अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हुई. वर्तमान सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ योजनाओं को आगे बढ़ा रही है. राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की अनेक घटनाएं सामने आईं. उस समय 19 पेपर लीक की घटनाएं हुईं, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है. आरपीएससी से जुड़े मामलों में भी तत्कालीन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे और कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच वर्ष के कार्यकाल में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच राजनीतिक खींचतान बनी रही. इसके चलते विकास कार्य प्रभावित हुए. इसके विपरीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार में आपसी समन्वय से प्रदेश के विकास के लिए काम कर रहे हैं. राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता और विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है. सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाना है.

Madan Rathore I Ashok Gehlot I Bhajan Lal Sharma I Rajasthan Politics I Rajasthan Congress I Rajasthan Bjp I Political News I Politalks News I Rajasthan Government I Big News I

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal