PoliTalks News
बड़ी खबर

महेश जोशी की गिरफ्तारी से सुलगा सियासी संग्राम, गहलोत बोले- भाजपा सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी

08 मई 2026
साझा करें:
महेश जोशी की गिरफ्तारी से सुलगा सियासी संग्राम, गहलोत बोले- भाजपा सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी

 बिना नोटिस तड़के गिरफ्तारी पर उठे सवाल, पूर्व सीएम - विपक्ष को दबाने के लिए एजेंसियों का दुरुपयोग, सरकार की मंशा सही नहीं

Ashok Gehlot Big statement: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने वरिष्ठ कांग्रेसी महेश जोशी की गिरफ्तारी को लेकर प्रदेश की भजनलाल सरकार पर तीखा हमला बोला. गहलोत ने कहा कि राज्य की बीजेपी सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है. पूर्व सीएम ने जोशी की बिना नोटिस तड़के सुबह गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाया और आरोप लगाया कि एसीबी द्वारा बिना किसी पूछताछ के गिरफ्तारी केवल और केवल राजनीति से प्रेरित है. पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी को जलजीवन मिशन घोटाले में एसीबी ने गिरफ्तार किया है. 


इस मामले में पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोशल प्लेटफार्म के जरिए राज्य सरकार की मंशा पर भी सवाल उठाया. गहलोत ने लिखा, 'पूर्व मंत्री महेश जोशी को एसीबी के गिरफ्तार करने में कानून के स्पष्ट दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है. जब नियम है कि पहले नोटिस देकर पूछताछ की जानी चाहिए. इसके बाद ही आवश्यकता होने पर गिरफ्तारी का अधिकार है. तब बिना किसी नोटिस या पूछताछ के सुबह 5 बजे सीधे गिरफ्तारी करना सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है.'

एसीबी पर राजनीतिक दबाव -

उन्होंने कहा, 'मेरा हमेशा से ही मानना रहा है कि यदि किसी ने भ्रष्टाचार किया है तो उसे सजा मिलना सुनिश्चित होना चाहिए. पूरा प्रदेश जानता है कि राजस्थान में गांव-ढाणी से लेकर राजधानी तक भाजपा सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है. प्रदेश की जनता पूरी तरह से परेशान हो चुकी है. एसीबी पर वास्तविक मामलों में कार्रवाई न करने और राजनीतिक आधार पर कार्रवाई करने का दबाव है. महेश जोशी पर की गई कार्रवाई इसी का उदाहरण है.'

राज.प्रतिशोध का होगा पर्दाफाश -

गहलोत ने आगे लिखा, 'महेश जोशी ने ईडी की कार्रवाई के दौरान भी पूरा सहयोग दिया था. उनकी पत्नी के गंभीर बीमार होने के बावजूद वे नोटिस मिलने पर ईडी की पूछताछ के लिए गए थे. भाजपा सरकार कानूनी प्रक्रिया के उल्लंघन का एक नया तरीका अपना रही है. यह राजनीतिक दुर्भावना और सत्ता के दबाव में उठाया गया कदम है. हमें पूर्ण विश्वास है कि कोर्ट के सामने इस राजनीतिक प्रतिशोध का पर्दाफाश होगा.'

सरकार के खिलाफ मुखर हुई कांग्रेस  -

उधर, महेश जोशी की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली. कई स्थानों पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई है. राजनीतिक गलियारों में इस मामले को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और गर्मा सकता है.


Mahesh Joshi I Ashok Gehlot I JJM I rajasthan I Congress I Sachin Pilot I Mahesh Joshi Arrest

वीडियो

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal