Rajasthan Politics: राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा है कि आज राजस्थान में 'बंटाधार' के हालात बन गए हैं. जूली ने कहा कि प्रदेश का हर सेक्टर बदहाली की कगार पर है और जनता में इस सरकार के प्रति भारी निराशा है. इसके साथ ही जूली ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तंज कसते हुए स्पष्ट कहा कि भाजपा सरकार से न पहले कोई उम्मीद थी और न ही आगे कुछ होने वाला है. जूली के मुताबिक, सरकार केवल विज्ञापनों और दावों तक सीमित रह गई है, जबकि जमीनी स्तर पर लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
आंगनबाड़ी पोषण में भ्रष्टाचार: जब विधायक ही खोलने लगे अपनी सरकार की पोल:
इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने भाजपा को आड़े लिया. उन्होंने कहा कि जब सत्ताधारी दल के विधायक ही उपमुख्यमंत्री के सामने यह कबूल कर रहे हैं कि पोषाहार को जानवर भी नहीं खाते, तो यह 'डबल इंजन' सरकार की विफलता का सबसे शर्मनाक उदाहरण है. बच्चों के निवाले में हो रहे इस भ्रष्टाचार ने साबित कर दिया है कि प्रदेश में व्यवस्था नहीं बल्कि 'अव्यवस्था का तमाशा' चल रहा है. जूली ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हो चुकी हैं कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और सरकार चुप्पी साधे बैठी है.
स्वरोजगार ‘लॉलीपॉप’, सुविधाएं नदारद
भजनलाल सरकार पर हमला जारी करहते हुए टीकाराम जूली ने युवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर प्रहार करते मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना को महज एक 'लॉलीपॉप' करार दिया. उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 90 हजार से अधिक आवेदनों के मुकाबले महज 60 लोगों को ऋण देना युवाओं के साथ भद्दा मजाक है. इसके अलावा, उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और RGHS योजना के खराब प्रबंधन पर भी चिंता व्यक्त की. जूली ने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के चलते कर्मचारियों और पेंशनर्स की जीवनदायिनी योजना का 'कत्ल' कर दिया गया है. वहीं, पेयजल संकट पर उन्होंने उदाहरण दिया कि मंत्रियों की यात्राओं के दौरान केवल दिखावे के लिए पानी की सप्लाई की जा रही है, जो सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है.
Tikaram Jully I Bhajanlal Sharma I Congress I Rajasthan Politics I













