PoliTalks News
बड़ी खबर

अभिनेता विजय एवं टीवीके: जाना पहचाना चेहरा, सियासत में नया किरदार

03 मई 2026
साझा करें:
अभिनेता विजय एवं टीवीके: जाना पहचाना चेहरा, सियासत में नया किरदार

तमिलनाडु की सियासत में इस बार सबसे बड़ा सवाल - क्या सिनेमा का सुपरस्टार बन पाएगा सत्ता का भी सुपरस्टार? यह सिर्फ शोर है या सच में गेम बदलने की ताकत?

फरवरी 2024 में अभिनेता विजय (Super star Actor Vijay) ने तमिलगा वेत्रि कझगम (TVK) के गठन की घोषणा की, तो लोगों में उत्सुकता के साथ-साथ संशय भी था. तमिलनाडु की राजनीति में फिल्मी सितारों का आना कोई नई बात नहीं है, लेकिन महज दो वर्षों में टीवीके ने ऐसी हलचल पैदा कर दी है कि अब सवाल यह नहीं रह गया कि पार्टी का कोई महत्व है या नहीं, बल्कि चर्चा इस पर केंद्रित है कि यह द्राविड पार्टियों (डीएमके और एआईडीएमके) के वोट बैंक में कितनी सेंध लगा पाएगी?


तमिल फिल्म उद्योग के अन्य बड़े सितारों की तरह विजय के पास भी एक सशक्त और संगठित प्रशंसक वर्ग है, जो सामाजिक कार्यों और स्थानीय स्तर पर लोगों को संगठित करने में सक्रिय रहता है. हालांकि, राजनीति में उतरे कई सितारों के अनुभव बताते हैं कि ऐसा जनसमर्थन हमेशा सियासी पूंजी में तब्दील नहीं हो पाता.

विजय की सबसे बड़ी ताकत उनका विशाल फैन बेस है, लेकिन चुनौती यह है कि क्या यह समर्थन चुनावी जीत में बदल पाएगा. पार्टी ने खुद को द्रविड़ दलों के विकल्प के रूप में पेश किया है, लेकिन वैचारिक स्तर पर कोई बड़ा बदलाव नजर नहीं आता.

विजय ने टीवीके को द्रविड़ पार्टियों के विकल्प के रूप में पेश करने की कोशिश की है, साथ ही राष्ट्रीय दलों से भी एक निश्चित दूरी बनाए रखी है. लेकिन सवाल यह है कि क्या यह रणनीति मौजूदा विकल्पों से असंतुष्ट मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित कर पाएगी? उनका चुनाव प्रचार काफी हद तक उनकी व्यक्तिगत लोकप्रियता पर केंद्रित नजर आता है - कई बार वे अपने उम्मीदवारों से अधिक खुद और पार्टी के 'सीटी' चुनाव चिन्ह को ही प्रचारित करते दिखते हैं.

यही कारण है कि टीवीके की संगठनात्मक गहराई को लेकर सवाल उठते हैं. राजनीति विज्ञानी रामू मणिवन्नन के अनुसार, “जननेता वही होता है जो जनता के बीच से उभरता है और संघर्ष के जरिए अपनी पहचान बनाता है. इस नजरिए से देखा जाए तो विजय के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी लोकप्रियता को जमीनी सियासत में बदलने की है.

पार्टी के सियासी संदेशों में भी किसी बड़े वैचारिक बदलाव के संकेत नहीं मिलते. शासन, सामाजिक न्याय और जनकल्याण जैसे मुद्दों पर टीवीके उसी व्यापक ढांचे में नजर आती है, जिसने दशकों से तमिलनाडु की राजनीति को परिभाषित किया है. यानी यह स्थापित मॉडल को तोड़ने के बजाय खुद को उसी ढांचे के भीतर एक नए विकल्प के रूप में प्रस्तुत कर रही है.

टीवीके का संभावित जनाधार भी दिलचस्प है - इसमें युवा मतदाता और वे वर्ग शामिल हैं, जो पारंपरिक सियासी दलों से खुद को जुड़ा हुआ नहीं महसूस करते. यही वर्ग भविष्य में पार्टी की असली ताकत बन सकता है.

फिल्मी पर्दे से सियासत के मैदान तक विजय का यह सफर दरअसल एक अग्निपरीक्षा है - क्या उनकी व्यक्तिगत लोकप्रियता सत्ता में तब्दील हो पाएगी? टीवीके इस बदलाव को सुनियोजित तरीके से अंजाम देने की कोशिश करती दिख रही है, लेकिन इसके लिए मजबूत संगठन, स्पष्ट नेतृत्व और निरंतर राजनीतिक सक्रियता बेहद जरूरी होगी.

फिलहाल, टीवीके खुद को एक संभावित 'गेम चेंजर' के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रही है. अब देखना यह है कि क्या यह पार्टी तमिलनाडु में एक मजबूत 'तीसरा ध्रुव' बन पाएगी या फिर सीमित प्रभाव वाली 'क्षणिक ताकत' बनकर रह जाएगी. इतना तय है कि इसने राज्य की राजनीति को त्रिकोणीय मुकाबले में बदलकर चुनावी समीकरण जरूर बदल दिए हैं.

TVK की असली परीक्षा संगठनात्मक मजबूती और जमीनी पकड़ की है. अगर यह असंतुष्ट और युवा मतदाताओं को जोड़ने में सफल रहती है, तो तमिलनाडु में एक मजबूत तीसरा विकल्प उभर सकता है. इतना तय है कि TVK ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया हैं. अब यह देखना है कि यह प्रभाव स्थायी होगा या सिर्फ चुनावी लहर तक सीमित रहती है.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें